बारिश का मौसम जहां एक तरफ लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत देता है, वहीं दूसरी तरफ यह दैनिक यात्रियों के लिए कई नई मुसीबतें भी लेकर आता है। सड़कों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम के कारण सुबह-सुबह ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों और कॉलेज जाने वाले छात्रों के लिए समय पर पहुंचना बेहद मुश्किल हो जाता है।
लखनऊ। बारिश का मौसम जहां एक तरफ लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत देता है, वहीं दूसरी तरफ यह दैनिक यात्रियों के लिए कई नई मुसीबतें भी लेकर आता है। सड़कों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम के कारण सुबह-सुबह ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों और कॉलेज जाने वाले छात्रों के लिए समय पर पहुंचना बेहद मुश्किल हो जाता है। ऐसी स्थिति में ऑटो या कैब मिलना किसी जंग जीतने जैसा लगता है। यात्रियों की इसी जल्दबाजी और मजबूरी का फायदा कुछ बेईमान चालक और साइबर ठग उठाने लगे हैं।
हाल के दिनों में ऑनलाइन कैब और ऑटो बुकिंग के नाम पर धोखाधड़ी के मामले तेजी से बढ़े हैं। कहीं यात्रियों से मनमाना किराया वसूला जा रहा है, तो कहीं ऐप के बाहर आकर ऑफलाइन यात्रा करने और एडवांस पेमेंट के नाम पर चूना लगाया जा रहा है। अगर आप भी बारिश के इस मौसम में सफर कर रहे हैं, तो थोड़ी सी सतर्कता आपको किसी बड़े वित्तीय नुकसान से बचा सकती है।
राइड बुक करते समय रखें ये सावधानियां रखे
हमेशा ऑफिशियल ऐप का ही इस्तेमाल करें
किसी भी सूरत में राइड केवल अधिकृत और विश्वसनीय ऐप्स (जैसे Ola, Uber, Rapido, InDrive) के माध्यम से ही बुक करें। यदि कोई ड्राइवर आपको ऐप कैंसिल करके ऑफलाइन चलने या कम दाम में छोड़ने का लालच दे, तो उसकी बातों में बिल्कुल न आएं। बुकिंग में समस्या आने पर गूगल सर्च इंजन पर कस्टमर केयर का नंबर तलाशने की भूल न करें। गूगल पर कई फर्जी और साइबर अपराधियों के नंबर मौजूद होते हैं। समस्या के समाधान के लिए हमेशा ऐप के अंदर मौजूद ‘Help’ या ‘Support’ सेक्शन का ही उपयोग करें।
संदेहास्पद लिंक से बचें
व्हाट्सएप, एसएमएस या सोशल मीडिया पर “सस्ते में कैब बुकिंग” या “डिस्काउंट ऑफर” के नाम से आने वाले अज्ञात लिंक्स पर कभी क्लिक न करें। ये लिंक आपका फोन हैक कर सकते हैं।
पेमेंट करते समय ध्यान रखें ये बातें
यह नियम हमेशा याद रखें कि अपने बैंक खाते में पैसे प्राप्त (Receive) करने के लिए कभी भी UPI PIN डालने की आवश्यकता नहीं होती। यदि कोई ड्राइवर रिफंड या अन्य किसी बहाने से आपको PIN दर्ज करने को कहे, तो तुरंत समझ जाएं कि यह एक फ्रॉड है।
एडवांस ऑनलाइन भुगतान से बचें
वाहन में बैठने या यात्रा शुरू होने से पहले किसी भी अज्ञात व्यक्ति को एडवांस ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर न करें।
QR Code और नाम की जांच करें: ऑनलाइन भुगतान करते समय क्यूआर कोड’QR Code’ स्कैन करने के बाद स्क्रीन पर आ रहे नाम की पुष्टि अवश्य कर लें कि पैसा सही चालक को ही जा रहा है।
राइड खत्म होने पर भुगतान का विकल्प चुनें
बारिश के दौरान नेटवर्क या सर्वर की समस्या होने पर यात्रा पूरी होने के बाद नकद या सीधे पेमेंट करने का विकल्प चुनें।
आपकी थोड़ी सी सजगता और सावधानी आपको इन ठगों का शिकार होने से सुरक्षित रख सकती है। सफर के दौरान जल्दबाजी न करें और नियमों का पालन करें।
रिपोर्ट : दीपांजली मिश्रा