1. हिन्दी समाचार
  2. अपराध
  3. त्योहार से पहले सावधान! पामोलिन, सोयाबीन और हल्दी से बना रहे थे ‘देसी घी’। सूरत में नकली घी का पर्दाफाश

त्योहार से पहले सावधान! पामोलिन, सोयाबीन और हल्दी से बना रहे थे ‘देसी घी’। सूरत में नकली घी का पर्दाफाश

त्योहारों का सीजन आते ही घरों में मिठाइयां बनने लगती हैं, पूजा-पाठ में घी का इस्तेमाल बढ़ जाता है और इसी बढ़ती मांग का फायदा उठाकर कुछ मिलावटखोर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने लगते हैं। लेकिन सूरत से सामने आई ये खबर आपको देसी घी खरीदते वक्त सावधान करने के लिए काफी है...

By Harsh 
Updated Date

त्योहारों का सीजन आते ही घरों में मिठाइयां बनने लगती हैं, पूजा-पाठ में घी का इस्तेमाल बढ़ जाता है और इसी बढ़ती मांग का फायदा उठाकर कुछ मिलावटखोर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने लगते हैं। लेकिन सूरत से सामने आई ये खबर आपको देसी घी खरीदते वक्त सावधान करने के लिए काफी है।

पढ़ें :- जंजीरों और पेड़ से बांधकर सामूहिक दुष्कर्म, ‘शुद्धिकरण’ के नाम पर महिला से बर्बरता

सूरत में पुलिस ने एक ऐसी डेयरी का भंडाफोड़ किया है, जहां वनस्पति घी, पामोलिन और सोयाबीन तेल को मिलाकर नकली देसी घी तैयार किया जा रहा था और सबसे हैरान करने वाली बात इस नकली घी को असली जैसा पीला रंग देने के लिए इसमें हल्दी तक मिलाई जा रही थी। मामला सूरत के वेड रोड इलाके का है। मुखबरी के बाद जोन-3 एलसीबी, चौक बाजार पुलिस और महानगरपालिका के फूड सेफ्टी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से एक डेयरी पर छापा मारा।

रेड के दौरान पुलिस को वहां स्टील के ड्रम, घी मिक्स करने की मशीन, सीलिंग मशीन, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, हल्दी पाउडर और बड़ी मात्रा में कच्चा माल मिला।यानी यहां सिर्फ नकली घी तैयार नहीं हो रहा था बल्कि उसे पैक करके बाजार में असली देसी घी के नाम पर बेचने की पूरी तैयारी थी।पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि पहले वनस्पति घी में पामोलिन और सोयाबीन तेल मिलाया जाता था। फिर इस मिश्रण को गर्म किया जाता और असली घी जैसा रंग देने के लिए हल्दी डाली जाती। इसके बाद इसे 15-15 किलो के डिब्बों में भरकर सील किया जाता था और स्थानीय दुकानों व ग्राहकों तक पहुंचाया जाता था।

पुलिस के मुताबिक आरोपी रात के वक्त यह काम करता था, ताकि किसी को इसकी भनक न लगे। शुरुआती जांच में ये कारोबार करीब एक साल से चलने की बात सामने आई है। लेकिन असली खतरा तब सामने आया जब इस कथित नकली घी के सैंपल की लैब जांच हुई। फूड सेफ्टी लैब की रिपोर्ट में इसे मिलावटी और मानव उपभोग के लिए असुरक्षित बताया गया। सैंपल में हल्दी और बीटा-सिटोस्टेरॉल जैसे तत्व पाए गए जो शुद्ध देसी घी में नहीं होने चाहिए। कार्रवाई के दौरान करीब 34 किलो नकली घी, कच्चा माल, मशीनरी और मोबाइल फोन समेत कुल करीब 43 हजार 535 रुपये का सामान जब्त किया गया है। डेयरी संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस अब ये पता लगाने में जुटी है कि ये नकली घी किन-किन दुकानों और इलाकों तक पहुंचाया गया था।

त्योहारों के बीच ये खबर सिर्फ सूरत की नहीं है ये हर उस ग्राहक के लिए चेतावनी है, जो बाजार से घी खरीद रहा है। इसलिए त्योहारों के सीजन में घी और दूसरे खाद्य पदार्थ खरीदते समय पैकेजिंग, लेबल और विश्वसनीय ब्रांड की अच्छी तरह जांच जरूर करें।

पढ़ें :- बेंगलुरु में CJP यानी Citizens for Justice and Peace ने किया ‘चप्पल प्रोटेस्ट’ का ऐलान, प्रकाश राज भी होंगे शामिल

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...