यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 को लेकर बड़ा अपडेट आ गया है। 10वीं-12वीं के लिए 7,526 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं, लेकिन इस बार छात्रों की संख्या घटने के बावजूद केंद्र क्यों बढ़ाए गए? जानिए पूरी खबर।
UP Board Exam Centres 2027: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी है। बोर्ड की ओर से इस बार प्रदेश में कुल 7,526 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। छात्र, अभिभावक और शिक्षक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर जाकर केंद्रों की सूची देख सकते हैं। यदि किसी केंद्र को लेकर आपत्ति है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत 28 अक्टूबर तक ऑनलाइन प्रत्यावेदन किया जा सकता है।
बोर्ड की ओर से जारी प्रस्तावित सूची के अनुसार, कुल 7,526 केंद्रों में 862 राजकीय विद्यालय, 3,276 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय और 3,388 वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं। खास बात यह है कि पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार परीक्षा केंद्रों की संख्या में बढ़ोतरी की गई है, जबकि पंजीकृत परीक्षार्थियों की संख्या में एक लाख से अधिक की कमी आई है।
जिलावार आंकड़ों के अनुसार, प्रयागराज में सबसे अधिक 269 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पिछले वर्ष यहां 258 केंद्र थे। दूसरे स्थान पर आजमगढ़ है, जहां 232 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा गाजीपुर में 187, जौनपुर में 181, गोरखपुर में 175, प्रतापगढ़ में 164, कुशीनगर में 162, आगरा में 161, देवरिया में 160, लखनऊ में 127 और वाराणसी में 117 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित हैं। वहीं, महोबा में सबसे कम 29 केंद्र बनाए गए हैं। शामली में 32, बागपत में 35, श्रावस्ती में 40 और सोनभद्र में 66 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए इस बार कुल 52,11,570 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। पिछले वर्ष यह संख्या 53,37,432 थी। इस तरह परीक्षार्थियों की संख्या में 1,25,862 की कमी दर्ज की गई है। इसके बावजूद परीक्षा केंद्रों की संख्या 7,448 से बढ़ाकर 7,526 कर दी गई है।
छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य और शिक्षक प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों पर आपत्ति होने की स्थिति में साक्ष्यों के साथ निर्धारित प्रारूप में ऑनलाइन प्रत्यावेदन कर सकते हैं। इसके लिए 28 अक्टूबर की समयसीमा तय की गई है। आपत्तियां संबंधित जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति के समक्ष प्रस्तुत की जा सकती हैं। इसके बाद केंद्रों की अंतिम सूची को लेकर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।