राजधानी दिल्ली के दक्षिण-पूर्वी इलाके अमर कॉलोनी में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। एक आईआरएस अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी मृत अवस्था में उसके घर से बरामद हुई है। शुरुआती जांच में युवती के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की बात सामने आई है...
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के दक्षिण-पूर्वी इलाके अमर कॉलोनी में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। एक आईआरएस अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी मृत अवस्था में उसके घर से बरामद हुई है। शुरुआती जांच में युवती के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर के अंदर से युवती का शव बरामद किया गया। प्राथमिक जांच में संकेत मिले हैं कि चार्जर की केबल से गला घोटकर हत्या की गई है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं और पूरे घर को सील कर जांच की जा रही है।
शक की सुई पूर्व घरेलू कर्मचारी पर
पुलिस जांच में एक पूर्व घरेलू नौकर पर शक गहराता जा रहा है। बताया जा रहा है कि उसे करीब डेढ़ महीने पहले नौकरी से निकाला गया था। आशंका है कि उसने बदले की भावना से इस वारदात को अंजाम दिया हो। संदिग्ध मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला बताया जा रहा है और फिलहाल फरार है। जानकारी के मुताबिक, घटना के समय युवती के माता-पिता सुबह जिम गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी ने घर में घुसकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान और मूवमेंट का पता लगाया जा सके।
पढ़ाई में तेज, UPSC की कर रही थी तैयारी
मृतका ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर ली थी और इन दिनों UPSC की तैयारी कर रही थी। इस घटना के बाद इलाके में डर और गुस्से का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और संदिग्ध की तलाश के लिए कई टीमें बनाई गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।