उत्तर प्रदेश में JEECUP 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन 1 दिसंबर 2026 से शुरू होंगे। अभ्यर्थी 20 अप्रैल 2027 तक आवेदन कर सकेंगे। प्रवेश परीक्षा 7 से 15 मई के बीच CBT मोड में प्रस्तावित है।
UP Polytechnic Admission: उत्तर प्रदेश में पॉलिटेक्निक की पढ़ाई करने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए अच्छी खबर है। शैक्षणिक सत्र 2027-28 में दाखिले के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा (JEECUP 2027) की आवेदन प्रक्रिया 1 दिसंबर 2026 से शुरू होगी। प्रदेश के 2,223 सरकारी, निजी और सहायता प्राप्त पॉलिटेक्निक संस्थानों की करीब 2.64 लाख सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी 20 अप्रैल 2027 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
जारी कार्यक्रम के मुताबिक, JEECUP 2027 की प्रवेश परीक्षा 7 से 15 मई के बीच प्रस्तावित है। परीक्षा कंप्यूटर आधारित यानी CBT मोड में आयोजित की जाएगी। इसके बाद जून में काउंसलिंग और प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की योजना है। वहीं, नया शैक्षणिक सत्र 1 जुलाई 2027 से शुरू होगा।
पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा के लिए सामान्य और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को 300 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों के लिए फीस 200 रुपये निर्धारित की गई है।
पिछले साल पॉलिटेक्निक की सीटें भरना विभाग के लिए बड़ी चुनौती रहा था। प्रदेश के 455 संस्थानों में कुल 1,45,601 सीटें थीं। सात चरणों की काउंसलिंग के बाद सिर्फ 70,814 सीटों पर दाखिले हुए, जबकि 74,787 सीटें खाली रह गईं। पिछले साल परीक्षा के लिए 4,23,795 छात्रों ने आवेदन किया था। इनमें से 3,34,298 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे और 89,497 ने परीक्षा छोड़ दी थी।
इस बार खाली सीटों की संख्या कम करने के लिए विभाग ने इंटर कॉलेजों में ‘पॉलिटेक्निक चलो अभियान’ शुरू किया है। इसके तहत विद्यार्थियों को डिप्लोमा कोर्स, तकनीकी ट्रेड और रोजगार के अवसरों की जानकारी दी जाएगी।
प्रवेश परीक्षा का परिणाम आने के बाद सफल अभ्यर्थियों को ऑनलाइन काउंसलिंग में हिस्सा लेना होगा। उनकी रैंक के आधार पर सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी पॉलिटेक्निक कॉलेजों में सीटें आवंटित की जाएंगी।