जापान में चल रहे एशियन गेम्स के दौरान खिलाड़ियों की रहने की व्यवस्था को लेकर उठे सवालों के बीच BCCI ने भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के लिए अलग ठहरने का इंतजाम किया है। बोर्ड के सचिव देवाजीत सैकिया ने बताया कि पुरुष टीम के साथ सपोर्ट स्टाफ की संख्या ज्यादा होने के कारण पूरा दल आयोजकों की तय सीमा में नहीं आ रहा था..
Asian Game’s 2026: जापान में चल रहे एशियन गेम्स के दौरान खिलाड़ियों की रहने की व्यवस्था को लेकर उठे सवालों के बीच BCCI ने भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के लिए अलग ठहरने का इंतजाम किया है। बोर्ड के सचिव देवाजीत सैकिया ने बताया कि पुरुष टीम के साथ सपोर्ट स्टाफ की संख्या ज्यादा होने के कारण पूरा दल आयोजकों की तय सीमा में नहीं आ रहा था। ऐसे में BCCI ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को अलग-अलग जगह रखने के बजाय अपने स्तर पर व्यवस्था करने का फैसला किया।
वहीं भारतीय महिला क्रिकेट टीम आयोजन समिति की ओर से उपलब्ध कराई गई सुविधाओं में ही रह रही है। सैकिया के मुताबिक महिला टीम का दल 20 सदस्यों की निर्धारित सीमा के भीतर है, इसलिए उसके लिए अलग इंतजाम की जरूरत नहीं पड़ी।
इस बार गोल्ड पर BCCI का पूरा जोर
एशियन गेम्स में भारत ने इस बार क्रिकेट को लेकर अपनी रणनीति भी बदली है। 2023 में भारत ने दूसरे दर्जे की टीम भेजी थी और गोल्ड मेडल जीता था। इस बार BCCI ने जसप्रीत बुमराह और कप्तान श्रेयस अय्यर समेत मजबूत टीम उतारने का फैसला किया है। BCCI सचिव ने साफ कहा है कि बोर्ड एशियन गेम्स को किसी दूसरे दर्जे के टूर्नामेंट के तौर पर नहीं देखता और गोल्ड मेडल उसके प्रमुख लक्ष्यों में है।
खास बात यह है कि एशियन गेम्स के दौरान भारत को वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज भी खेलनी है। BCCI ने इसके बावजूद एशियन गेम्स के लिए मजबूत T20 टीम भेजी है। BCCI की घोषित टीम में श्रेयस अय्यर, जसप्रीत बुमराह, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और अक्षर पटेल जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।
22 सितंबर को जापान से भिड़ेगी टीम इंडिया
एशियन गेम्स के बीच भारत और जापान के बीच 22 सितंबर को ऐतिहासिक T20 इंटरनेशनल मुकाबला भी होगा। यह दोनों टीमों के बीच पहला पुरुष T20I है और भारत-जापान राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित किया जा रहा है। BCCI के मुताबिक मुकाबला सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड तोचिगी में खेला जाएगा।
BCCI सचिव देवाजीत सैकिया के मुताबिक भारत-जापान मैच का विचार ICC चेयरमैन जय शाह की पहल से आगे बढ़ा। जुलाई में एडिनबर्ग में हुई ICC बैठक के दौरान इस मुकाबले को लेकर जापानी क्रिकेट अधिकारियों के साथ चर्चा की गई थी। BCCI ने इसे जापान में क्रिकेट की पहुंच बढ़ाने की दिशा में एक कदम बताया है।