1. हिन्दी समाचार
  2. क्रिकेट
  3. वैभव सूर्यवंशी को क्यों नहीं मिला मौका? कोच गंभीर बोले- खिलाड़ी 15 का हो या 30 का मौके का इंताजार करना होगा

वैभव सूर्यवंशी को क्यों नहीं मिला मौका? कोच गंभीर बोले- खिलाड़ी 15 का हो या 30 का मौके का इंताजार करना होगा

भारतीय क्रिकेट टीम के 15 साल के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को अफगानिस्तान के खिलाफ पूरी टी20 सीरीज बेंच पर बैठकर ही देखनी पड़ी। तीनों मुकाबलों में उन्हें अंतिम एकादश में शामिल नहीं किया गया। सीरीज खत्म होने के बाद अब मुख्य कोच गौतम गंभीर ने इस फैसले के पीछे टीम की सोच साफ कर दी है...

By Harsh 
Updated Date

Cricket Updates: भारतीय क्रिकेट टीम के 15 साल के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को अफगानिस्तान के खिलाफ पूरी टी20 सीरीज बेंच पर बैठकर ही देखनी पड़ी। तीनों मुकाबलों में उन्हें अंतिम एकादश में शामिल नहीं किया गया। सीरीज खत्म होने के बाद अब मुख्य कोच गौतम गंभीर ने इस फैसले के पीछे टीम की सोच साफ कर दी है। उन्होंने कहा कि वैभव को अपने मौके के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा।

पढ़ें :- 'वैभव सूर्यवंशी वो तूफान है जो उसे गिराएगा, वह खुद गिर जाएगा, गौतम गंभीर तानाशाह हैं', जानें कौन हुआ फायर?

गंभीर के मुताबिक टीम में किसी ऐसे खिलाड़ी को हटाना आसान नहीं है जिसने लंबे समय तक अच्छा प्रदर्शन किया हो। यही वजह है कि मौजूदा समय में संजू सैमसन को वैभव पर प्राथमिकता मिली। कोच ने यह भी साफ किया कि वैभव की प्रतिभा पर टीम मैनेजमेंट को कोई संदेह नहीं है।

जिम्बाब्वे में मचाया था धमाल, फिर भी नहीं मिली जगह

वैभव इस सीरीज में खाली हाथ नहीं आए थे। जिम्बाब्वे के खिलाफ पिछली टी20 सीरीज में उन्होंने तीन पारियों में 151 रन बनाए थे और प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए थे। इससे पहले इंग्लैंड दौरे पर उन्होंने भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था। इसके बावजूद अफगानिस्तान के खिलाफ टीम ने वर्ल्ड कप में सफल रही बल्लेबाजी जोड़ी को बरकरार रखने का फैसला किया। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन को ओपनिंग की जिम्मेदारी मिली और दोनों ने सीरीज में मिलकर 346 रन बनाए।

गंभीर बोले- संजू को बाहर करना मेरे करियर का सबसे मुश्किल फैसला

पढ़ें :- गंभीर ने अगरकर की विदाई पर लिखा भावुक पोस्ट, कहा- इतिहास आपको हमेशा अच्छे नज़रिए से देखेगा

गंभीर ने संजू सैमसन को इंग्लैंड सीरीज में बाहर रखने के फैसले को अपने कोचिंग करियर का सबसे कठिन फैसला बताया। उनका कहना था कि किसी खिलाड़ी के कुछ मैचों में खराब प्रदर्शन से उसकी क्षमता खत्म नहीं हो जाती।

उन्होंने बताया कि टीम का फोकस आगामी टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखकर सही संयोजन तैयार करने पर है। ऐसे में टीम मैनेजमेंट उन खिलाड़ियों को भी पर्याप्त समय देना चाहता है जिन्होंने पहले टीम के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है।

वैभव को लेकर गंभीर का संदेश भी स्पष्ट रहा। उनका कहना है कि 15 साल की उम्र हो या 30 साल की, टीम में जगह बनाने के लिए हर खिलाड़ी को अपने मौके का इंतजार करना पड़ता है। हालांकि जब वैभव को नियमित मौका मिलेगा तो उन्हें लंबा रन देने की योजना है। अब वैभव की नजर एशियन गेम्स पर होगी। वैभव नागोया में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं और जापान के खिलाफ अभ्यास मैच में भी नजर आ सकते हैं।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...