सोनौली नगरवासियों को बड़ी राहत: अब प्रतिदिन 21.30 घंटे मिलेगी बिजली, विधायक ऋषि त्रिपाठी के प्रयास लाए रंग
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महाराजगंज :: आदर्श नगर पंचायत सोनौली के नागरिकों के लिए एक सुखद खबर सामने आई है। अब क्षेत्र को प्रतिदिन 21 घंटे 30 मिनट की बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। यह जानकारी अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड नौतनवा अजय कुमार सिंह ने ‘नौतनवा पावर सप्लाई’ नामक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से साझा की।
बिजली विभाग के अनुसार यह निर्णय नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी के लगातार प्रयासों का प्रतिफल है। विधायक त्रिपाठी ने न केवल शासन स्तर तक इस मुद्दे को बार-बार उठाया, बल्कि सोनौली के व्यापारियों और आम नागरिकों से सतत संवाद बनाए रखा। उनका प्रमुख उद्देश्य सीमावर्ती नगर सोनौली को निर्बाध और पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराना था।
अब तक क्षेत्र में औसतन 18 घंटे की बिजली आपूर्ति होती थी, जिससे खासकर गर्मियों की रातों में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। नई व्यवस्था लागू होने से नगर में खुशी की लहर दौड़ गई है और लोगों ने इस सुधार का स्वागत किया है।
अधिशासी अभियंता अजय कुमार सिंह ने बताया, “विधायक महोदय के प्रयासों से अब प्रतिदिन 21.30 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, जो पूरे नगर के लिए बड़ी राहत है।”
इस निर्णय के बाद नगर के नागरिकों और व्यापारियों में हर्ष व्याप्त है। भाजपा नेता रवि वर्मा, संजीव जायसवाल, प्रताप मद्धेशिया, विजय रौनियार, बैजनाथ कौशल, कृपा शंकर मद्धेशिया, प्रेम जासवाल, सुभाष जायसवाल, रुपेश अग्रवाल, मनोज रौनियार, पवन जायसवाल सहित अनेक लोगों ने विधायक ऋषि त्रिपाठी को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि उम्मीद है आगे भी इसी प्रकार बिजली व्यवस्था और जनहित के कार्यों में सुधार होते रहेंगे।