IIT बॉम्बे में सेकेंड ईयर के छात्र साहिल वाकोडे ने हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार शाम की घटना के बाद 400 से ज्यादा छात्र संस्थान के मुख्य भवन के पास जुटे और प्रशासन से मामले को लेकर जवाब मांगने लगे। रिपोर्टों के मुताबिक यह IIT बॉम्बे कैंपस में करीब सात महीने के भीतर सुसाइड का तीसरा मामला है...
मुंबई : IIT बॉम्बे में सेकेंड ईयर के छात्र साहिल वाकोडे ने हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार शाम की घटना के बाद 400 से ज्यादा छात्र संस्थान के मुख्य भवन के पास जुटे और प्रशासन से मामले को लेकर जवाब मांगने लगे। रिपोर्टों के मुताबिक यह IIT बॉम्बे कैंपस में करीब सात महीने के भीतर सुसाइड का तीसरा मामला है।
साहिल महाराष्ट्र के यवतमाल का रहने वाला था और एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि IIT बॉम्बे ने भी कहा है कि घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच संबंधित अधिकारी कर रहे हैं।
परीक्षा में मोबाइल मिलने के बाद सामने आया मामला
घटना से कुछ घंटे पहले साहिल को परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था। IIT बॉम्बे के आधिकारिक बयान के अनुसार, उसने परीक्षा के प्रश्नपत्र की तस्वीर ChatGPT पर अपलोड कर जवाब हासिल करने की कोशिश की थी।
संस्थान का कहना है कि इस मामले में उसके खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी। इंस्ट्रक्टर और विभागाध्यक्ष ने उससे बातचीत की उसे समझाया और भरोसा दिलाया कि इस घटना का उसके अकादमिक करियर पर असर नहीं पड़ेगा। इसके बाद वह हॉस्टल लौट गया था।
सात महीने में तीसरा सुसाइड, छात्रों ने उठाए सवाल
साहिल के सुसाइड की खबर फैलने के बाद छात्रों का प्रदर्शन देर रात तक चला। IIT बॉम्बे के डायरेक्टर प्रो. शिरीष केदारे ने भी प्रदर्शन कर रहे छात्रों से मुलाकात की। इसके बाद चल रही मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं स्थगित किए जाने की जानकारी सामने आई।
IIT Bombay में इस साल इससे पहले फरवरी और जुलाई में भी छात्रों के सुसाइड के मामले सामने आए थे। इस तरह साहिल का मामला कैंपस में इस साल का तीसरा रिपोर्टेड सुसाइड केस बताया जा रहा है। घटना के बाद छात्र प्रशासन से पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।