मुंबई में प्रदर्शन के दौरान हिरासत में ली गईं जैन मैरी ने पुलिस कार्रवाई को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। अभिनेता आमिर खान की भांजी जैन ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर अपनी बांह, उंगलियों और पैरों पर चोट के निशान दिखाए। उन्होंने दावा किया कि हिरासत के दौरान उनके साथ बर्बरता हुई...
Bollywood Updates: मुंबई में प्रदर्शन के दौरान हिरासत में ली गईं जैन मैरी ने पुलिस कार्रवाई को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। अभिनेता आमिर खान की भांजी जैन ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर अपनी बांह, उंगलियों और पैरों पर चोट के निशान दिखाए। उन्होंने दावा किया कि हिरासत के दौरान उनके साथ बर्बरता हुई। जैन ने वीडियो के साथ कहा कि उन्हें इतना न डराया जाए कि उनके भीतर डरने के लिए कुछ बचे ही नहीं।
शरीर पर नील के निशान दिखाकर जताया विरोध
जैन मैरी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो पोस्ट किया। इसमें उनके शरीर पर चोट के कई निशान दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर भी एक वीडियो साझा किया, जिसमें जांघ पर पड़े नील के निशान दिखाए। इसके साथ उन्होंने मुंबई पुलिस और दंगा नियंत्रण अधिकारियों पर निशाना साधते हुए लिखा कि यह अनुभव बेहद दर्दनाक है, लेकिन वह कला और कराओके जारी रखेंगी।
इमरान खान और लेखा वॉशिंगटन भी हिरासत में लिए गए
यह मामला 8 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए प्रदर्शन से जुड़ा है। जैन मैरी के साथ अभिनेता इमरान खान और लेखा वॉशिंगटन भी प्रदर्शन में शामिल हुए थे। तीनों को पुलिस ने हिरासत में लिया था और कुछ घंटे बाद छोड़ दिया गया।

जैन ने हिरासत के दौरान के कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किए। इनमें वह, लेखा और इमरान पुलिसकर्मियों से हिरासत में लिए जाने की वजह पूछते दिखाई देते हैं। जैन ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें यह स्पष्ट नहीं बताया गया कि पुलिस उन्हें कहां ले जा रही है।
इमरान खान के खिलाफ पांच धाराओं में एफआईआर
मुंबई पुलिस के मुताबिक, इमरान खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की पांच धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इनमें धारा 223, 126(2), 189(2), 189(3) और 189(5) शामिल हैं। पुलिसकर्मी इस मामले में शिकायतकर्ता बने हैं।
वहीं, लेखा वॉशिंगटन ने रिहाई के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर बताया कि वे सुरक्षित हैं। हालांकि उन्होंने आरोप लगाया कि घर लौटने के लिए कैब बुक करने में भी परेशानी हुई। लेखा के मुताबिक, कुछ कैब चालक उन्हें ले जाने के लिए तैयार थे, लेकिन पुलिस की ओर से कथित दबाव के कारण वे पीछे हट गए।