कर्नाटक के चिक्काबल्लापुर जिले में अदालत परिसर के भीतर कथित तौर पर काला जादू करने का मामला सामने आया है। कोर्ट रूम में हुई इस असामान्य घटना का खुलासा CCTV फुटेज से हुआ, जिसके बाद पुलिस ने 65 वर्षीय महिला को गिरफ्तार कर लिया..
चिक्काबल्लापुर। कर्नाटक के चिक्काबल्लापुर जिले में अदालत परिसर के भीतर कथित तौर पर काला जादू करने का मामला सामने आया है। कोर्ट रूम में हुई इस असामान्य घटना का खुलासा CCTV फुटेज से हुआ, जिसके बाद पुलिस ने 65 वर्षीय महिला को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि महिला ने एक लंबित सिविल मामले के फैसले को अपने पक्ष में प्रभावित करने की मंशा से यह हरकत की।
गिरफ्तार महिला की पहचान चिक्काबल्लापुर शहर के वलसन्ना बीड़ी क्षेत्र निवासी मंजुला के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वह अदालत परिसर में पहुंची और फर्स्ट एडिशनल सीनियर सिविल जज एवं जेएमएफसी की अदालत में जज की कुर्सी के पास कथित तौर पर अभिमंत्रित सफेद सरसों के दाने बिखेर दिए।
घटना के समय किसी का ध्यान इस ओर नहीं गया, लेकिन बाद में कोर्ट में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच के दौरान पूरी घटना सामने आ गई। इसके बाद कोर्ट प्रशासन ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। मुख्य प्रशासनिक अधिकारी नेत्रा की शिकायत पर चिक्काबल्लापुर टाउन थाने में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला एक सिविल विवाद से जुड़ी हुई थी। जांच एजेंसियों को संदेह है कि उसने अंधविश्वास के चलते यह मानकर ऐसा किया कि इससे अदालत की कार्यवाही या फैसले पर असर पड़ सकता है। गिरफ्तारी के बाद मंजुला को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस कथित अनुष्ठान में महिला अकेली शामिल थी या किसी अन्य व्यक्ति की भी इसमें भूमिका है।
मामले में पुलिस ने कर्नाटक अमानवीय कुप्रथाओं और काले जादू की रोकथाम एवं उन्मूलन अधिनियम, 2017 के तहत केस दर्ज किया है। यह कानून अंधविश्वास, काले जादू और शोषणकारी प्रथाओं पर रोक लगाने के लिए बनाया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।