1. हिन्दी समाचार
  2. अपराध
  3. Video- लग्जरी कार से 3 छात्रों को उड़ा के मौत के घाट उतारने वाला बोला- ‘पापा सब संभाल लेंगे…’, स्कूटर को पीछे से मारी टक्कर

Video- लग्जरी कार से 3 छात्रों को उड़ा के मौत के घाट उतारने वाला बोला- ‘पापा सब संभाल लेंगे…’, स्कूटर को पीछे से मारी टक्कर

केरलम के कोच्चि में एक तेज रफ्तार कार ने तीन युवाओं की जान ले ली। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने जब कार चालक को रोककर उससे सवाल किए, तो उसने कथित तौर पर कहा कि उसके पिता सब संभाल लेंगे...

By Harsh 
Updated Date

डिजिटल, पर्दाफाश। केरलम के कोच्चि में एक तेज रफ्तार कार ने तीन युवाओं की जान ले ली। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने जब कार चालक को रोककर उससे सवाल किए, तो उसने कथित तौर पर कहा कि उसके पिता सब संभाल लेंगे। चश्मदीदों के इस दावे के सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। हादसे में जान गंवाने वालों में दो युवतियां और एक युवक शामिल हैं।

पढ़ें :- अब जंतर-मंतर पर नहीं होंगे प्रोटेस्ट, सरकार ने विरोध प्रदर्शन की जगह को बदला

क्षतिग्रस्त मिनी कूपर.

स्कूटर को पीछे से मारी टक्कर, तीनों की मौत

घटना रविवार तड़के करीब 1:45 बजे एर्नाकुलम जिले के नेदुम्बस्सेरी इलाके में हुई। पुलिस के मुताबिक, सुहैल सजीव नाम का युवक मिनी कूपर चला रहा था। कार ने आगे जा रहे स्कूटर को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटर सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी जान नहीं बच सकी। मृतकों की पहचान इयास (21), देविका (21) और गोपिका (22) के रूप में हुई है। तीनों थ्रिक्काकारा में एक साथ काम करते थे। हादसे के वक्त वे चाय पीने के बाद लौट रहे थे।

जन्मदिन पर मां ने दी थी लग्जरी कार

पुलिस ने सुहैल को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में उसके शराब के नशे में होने की आशंका जताई गई है। इसकी पुष्टि के लिए उसके रक्त और मूत्र के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। मामले में गैर इरादतन हत्या से जुड़ी धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर सुहैल से जुड़े कुछ पुराने वीडियो भी चर्चा में आए हैं। इनमें एक वीडियो में कार को 200 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से चलाते हुए दिखाए जाने का दावा किया गया है। रिपोर्टों के मुताबिक, मिनी कूपर उसकी मां ने जन्मदिन के मौके पर उपहार में दी थी। पुलिस हादसे के कारणों और चालक की भूमिका की जांच कर रही है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...