नौतनवा में जीएसटी की बड़ी छापेमारी, कपड़ा व्यापारी के घर-दुकान पर घंटों जांच; कई दस्तावेज जब्त
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: नौतनवा कस्बे में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब वाराणसी केंद्रीय जीएसटी विभाग की दो टीमों ने एक कपड़ा व्यापारी के घर और गारमेंट की दुकान पर छापेमारी की। अधिकारियों ने घंटों तक गहन जांच-पड़ताल की और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लिए।
जांच के बाद विभाग ने व्यापारी को समन जारी कर आगे पूछताछ के लिए बुलाया है। सूत्रों के अनुसार, कपड़ा व्यापारी द्वारा विभिन्न राज्यों से बड़े पैमाने पर कपड़े की खरीद कर नेपाल को निर्यात किए जाने की जानकारी मिली है, जिसमें गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है।
फर्जी जीएसटी बिल और रिफंड की आशंका
जानकारों के मुताबिक, सीमा क्षेत्र में दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब जैसे राज्यों से नेपाल भेजे जाने वाले सामान—कपड़ा, मशीनरी, इलेक्ट्रॉनिक्स और हार्डवेयर—के नाम पर फर्जी जीएसटी बिल तैयार किए जाने की शिकायतें मिलती रही हैं। इसी प्रक्रिया के जरिए गलत तरीके से जीएसटी रिफंड लेने का खेल भी सामने आता रहा है।
कस्टम नियमों के अनुसार नेपाल को होने वाले निर्यात का एक्सपोर्ट जनरल मेनिफेस्ट ऑनलाइन दर्ज करना अनिवार्य होता है, लेकिन कागजी हेरफेर कर टैक्स चोरी की आशंका की जांच अब जीएसटी विभाग कर रहा है।
विभागीय जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।