1. हिन्दी समाचार
  2. अन्य खबरें
  3. NEET के बाद SSC GD का पेपर लीक, आप बोली- हर साल 2 करोड़ रोजगार देने का वादा वाली भाजपा ने युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेला

NEET के बाद SSC GD का पेपर लीक, आप बोली- हर साल 2 करोड़ रोजगार देने का वादा वाली भाजपा ने युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेला

NEET परीक्षा विवाद के बाद अब SSC GD परीक्षा में सामने आए पेपर लीक, धांधली और कुप्रबंधन के आरोपों को लेकर आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता वंशराज दुबे (Vanshraj Dubey, Chief Spokesperson, Aam Aadmi Party Uttar Pradesh) ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।

By santosh singh 
Updated Date

लखनऊ। NEET परीक्षा विवाद के बाद अब SSC GD परीक्षा में सामने आए पेपर लीक, धांधली और कुप्रबंधन के आरोपों को लेकर आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता वंशराज दुबे (Vanshraj Dubey, Chief Spokesperson, Aam Aadmi Party Uttar Pradesh) ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही अव्यवस्थाओं ने यह साबित कर दिया है कि देश और प्रदेश की परीक्षा प्रणाली पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है और सरकार भ्रष्टाचार, पेपर माफियाओं तथा कुप्रबंधन के सामने पूरी तरह असहाय नजर आ रही है।

पढ़ें :- शाहरुख के बेटे आर्यन खान को मिला स्क्रीनराइटर्स एसोसिएशन अवॉर्ड, ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ से मचाई थी ओटीटी पर धूम

वंशराज दुबे ने कहा कि मीडिया रिपोर्टों में SSC GD परीक्षा से जुड़े गंभीर खुलासे सामने आए हैं। ग्रेटर नोएडा और रांची सहित विभिन्न स्थानों से ऐसे गिरोहों का खुलासा हुआ है जो अभ्यर्थियों से लाखों रुपये लेकर परीक्षा पास कराने का दावा कर रहे थे। जांच एजेंसियों द्वारा नकदी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और परीक्षा संबंधी दस्तावेज बरामद किए गए हैं तथा तकनीकी माध्यमों से परीक्षा में धांधली और पेपर लीक के आरोप सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि जब देश अभी तक NEET महाघोटाले के घाव से उबर नहीं पाया है, उसी बीच SSC GD परीक्षा पर उठे सवाल युवाओं के भरोसे को और तोड़ने वाले हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश इस समय भीषण और जानलेवा गर्मी की चपेट में है। प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच रहा है। ऐसे भयावह मौसम में गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के छात्र महीनों की तैयारी, आर्थिक बोझ और मानसिक दबाव लेकर दूसरे जिलों तक लंबी यात्रा करके परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे। लेकिन परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के बाद उन्हें पता चलता है कि परीक्षा रद्द हो गई, व्यवस्था ध्वस्त है या अंदर धांधली के आरोप लग रहे हैं। यह केवल प्रशासनिक विफलता नहीं बल्कि छात्रों के साथ अमानवीय व्यवहार और मानसिक प्रताड़ना है।

वंशराज दुबे ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं को पूरी तरह मजाक बना दिया गया है। उत्तर प्रदेश में शायद ही कोई ऐसी परीक्षा बची हो जिस पर विवाद न हुआ हो। कहीं पेपर लीक हो जाता है, कहीं सर्वर फेलियर का बहाना बना दिया जाता है तो कहीं सेंटर मिसमैनेजमेंट छात्रों के भविष्य को निगल जाता है। उन्होंने SSC GD परीक्षा का उदाहरण देते हुए कहा कि कई केंद्रों पर क्षमता से अधिक अभ्यर्थियों को बुलाया गया जबकि व्यवस्थाएं आधी भी नहीं थीं। छात्रों ने महीनों तक दिन-रात मेहनत की, लेकिन परीक्षा वाले दिन उन्हें अव्यवस्था, अराजकता और निराशा मिली।

आप मुख्य प्रवक्ता ने लखनऊ, प्रयागराज समेत विभिन्न जनपदों की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि SSC GD परीक्षा के अचानक रद्द होने और अव्यवस्थाओं ने छात्रों के धैर्य की सीमा तोड़ दी है। सबसे दुखद यह है कि हर बार गलती सरकारी व्यवस्था की होती है, लेकिन आर्थिक और मानसिक नुकसान सिर्फ छात्रों को उठाना पड़ता है। जब व्यवस्था से ठगा गया युवा सड़क पर उतरता है तो सरकार और गोदी मीडिया केवल उसका आक्रोश देखते हैं, लेकिन उसके पीछे छिपी बेबसी, टूटा विश्वास और बर्बाद होती मेहनत को नहीं देखते।

पढ़ें :- एकेटीयू में बीटेक छठे सेमेस्टर का पेपर व्हाट्सएप ग्रुप वायरल, विवि प्रशासन ने बैठाई जांच

उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता में आने से पहले हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया गया था, लेकिन आज की स्थिति यह है कि रोजगार देने के बजाय युवाओं को बेरोजगारी, पेपर लीक, परीक्षा रद्दीकरण और सर्वर फेलियर की व्यवस्था दी गई है। आज पेपर लीक और भर्ती घोटाले भाजपा सरकार की स्थायी पहचान बन चुके हैं।

आप मुख्य प्रदेश प्रवक्ता वंश राज दुबे ने कहा कि आम आदमी पार्टी की मांग है कि SSC GD परीक्षा में हुए कुप्रबंधन और धांधली की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच हो और जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल सस्पेंड किया जाए। इस भीषण गर्मी में परेशान हुए छात्रों को आने-जाने का पूरा किराया और उचित मुआवजा दिया जाए। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद कर प्रदेश में पारदर्शी और सुदृढ़ परीक्षा प्रणाली लागू की जाए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के युवाओं के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से लड़ेगी और भाजपा सरकार के छात्र विरोधी तथा युवा विरोधी चेहरे को लगातार बेनकाब करती रहेगी।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...