मथुरा में दूसरे धर्म के युवक से शादी करने पर एक युवती की हत्या का मामला सामने आया है। भाई ने बहन की गला दबाकर हत्या की और शव को कब्रिस्तान में दफना दिया। राजस्थान में रहने वाले युवती के पति को 15 दिन तक उससे संपर्क नहीं हुआ तो उसने पुलिस से शिकायत की...
डिजिटल, पर्दाफाश। मथुरा में दूसरे धर्म के युवक से शादी करने पर एक युवती की हत्या का मामला सामने आया है। भाई ने बहन की गला दबाकर हत्या की और शव को कब्रिस्तान में दफना दिया। राजस्थान में रहने वाले युवती के पति को 15 दिन तक उससे संपर्क नहीं हुआ तो उसने पुलिस से शिकायत की। जांच के बाद मथुरा पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है जबकि मां और मौसी से पूछताछ की जा रही है।
पति को 15 दिन तक नहीं मिला पत्नी से संपर्क
पुलिस के मुताबिक राजस्थान के झुंझुनू जिले के रहने वाले रविंद्र ने पत्नी नाजिया उर्फ जन्नत से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। कई दिनों तक कोशिश के बाद उसने ससुराल वालों से जानकारी मांगी। उनके टालमटोल करने और बाद में फोन उठाना बंद करने पर उसे अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उसने झुंझुनू पुलिस को पत्नी के अपहरण की सूचना दी। राजस्थान पुलिस ने 23 अक्टूबर को मामले की जांच के लिए मथुरा पुलिस को ईमेल भेजा। इसके बाद गोविंद नगर थाना पुलिस ने छानबीन शुरू की।
पहले करंट लगने से मौत की बात कही
पुलिस ने युवती के परिजनों से पूछताछ की तो उन्होंने पहले उसके बारे में जानकारी नहीं होने की बात कही। बाद में भाई अकरम ने दावा किया कि बहन की मौत करंट लगने से हुई थी। पुलिस को शक होने पर 24 अक्टूबर की रात उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बहन की गला दबाकर हत्या करने और शव कब्रिस्तान में दफनाने की बात कबूल की। रविवार को सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश पर कब्रिस्तान से शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

आरोपी, अकरम।
दिल्ली में फैक्ट्री में काम करते हुए हुई थी मुलाकात
पुलिस के अनुसार नाजिया मथुरा के बद्रीनगर नई बस्ती की रहने वाली थी। वह दिल्ली में स्पोर्ट्स कपड़े बनाने वाली फैक्ट्री में काम करती थी। वहीं उसकी मुलाकात राजस्थान के झुंझुनू जिले के पचेरीकलां गांव के रहने वाले रविंद्र से हुई। दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर प्रेम संबंध बन गए। करीब दो साल तक रिश्ते में रहने के बाद दोनों ने अपने परिवारों को इसकी जानकारी दी। रविंद्र के परिजन शादी के लिए तैयार थे लेकिन नाजिया के घरवालों ने विरोध किया।
चार महीने पहले की थी शादी
परिजनों की असहमति के बाद नाजिया करीब चार महीने पहले घर छोड़कर चली गई और रविंद्र से शादी कर ली। पुलिस के मुताबिक परिवार के लोग कई महीनों तक उस पर रिश्ता खत्म करने का दबाव बनाते रहे। बाद में उन्होंने शादी स्वीकार करने का दिखावा किया। आरोप है कि 25 सितंबर को नाजिया की मां और मौसी उसे बहाने से मथुरा ले आईं। कुछ दिन बाद जब उसने वापस जाने की बात कही तो परिजनों ने विरोध किया।
एसपी सिटी बोले- जांच जारी है
एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि युवती का शव कब्रिस्तान से निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच चल रही है और फिलहाल जांच पूरी होने से पहले अधिक जानकारी देना जल्दबाजी होगी। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मां और मौसी से पूछताछ जारी है।