मुंबई के भायखला और जेजे मार्ग इलाके में मोहर्रम के जुलूस के दौरान एक दिल दहला देने वाली साजिश का पर्दाफाश हुआ है। जुलूस में शामिल बेगुनाह लोगों को नेक काम के नाम पर विटामिन और पेनकिलर की गोलियों में चूहे मारने वाला खतरनाक जहर जिंक फॉस्फाइड बांटा जा रहा था। गनीमत रही कि समय रहते पुलिस और स्थानीय लोगों की मुस्तैदी..
मुंबई: मुंबई के भायखला और जेजे मार्ग इलाके में मोहर्रम के जुलूस के दौरान एक दिल दहला देने वाली साजिश का पर्दाफाश हुआ है। जुलूस में शामिल बेगुनाह लोगों को नेक काम के नाम पर विटामिन और पेनकिलर की गोलियों में चूहे मारने वाला खतरनाक जहर जिंक फॉस्फाइड बांटा जा रहा था। गनीमत रही कि समय रहते पुलिस और स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से इस भयानक मंसूबे को नाकाम कर दिया गया, वरना एक बड़ा जनसंहार हो सकता था। पुलिस ने इस खौफनाक साजिश के मास्टरमाइंड, पुणे के रहने वाले फैयाज निसार हुसैन प्रेमजी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से और डोंगरी स्थित ठिकाने से भारी मात्रा में जहर बरामद किया गया है।
दर्द और कमजोरी की दवा कहकर बांटे मौत के कैप्सूल
मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी फैयाज और उसके झांसे में आए कुछ लोग जुलूस में शामिल जायरीन को यह कहकर कैप्सूल थमा रहे थे कि यह सेहत के लिए अच्छी विटामिन की गोली है और इससे शरीर का दर्द ठीक हो जाएगा। ‘नेक काम’ और ‘मुफ्त दवा’ के धोखे में आकर कई लोगों ने इसे ले लिया।
इसी दौरान सलमान सईद नामक एक युवक ने इस कैप्सूल को खा लिया, जिसके तुरंत बाद उसे तेज उल्टी और भयंकर बेचैनी होने लगी। सलमान को फौरन नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों के इलाज के बाद अब उसकी हालत खतरे से बाहर है।पीड़ित के साथी अली अब्बास सैयद ने बताया कि सलमान को यह गोली एक महिला से मिली थी। वह महिला इतनी अंजान थी कि नेक काम समझकर वह कैप्सूल खुद अपने बच्चों को भी खिलाने जा रही थी। जब सलमान की तबीयत बिगड़ी, तब जाकर इस पूरी साजिश का शक हुआ और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
15 दिन से डोंगरी के कमरे में रची जा रही थी साजिश
पुलिस की शुरुआती जांच में जो खुलासे बेहद चौंकाने वाले हैं। आरोपी फैयाज पिछले 15 दिनों से मुंबई के डोंगरी इलाके में एक कमरा किराए पर लेकर इस खौफनाक साजिश को अंजाम देने में जुटा था। आरोपी ने आॅनलाइन 50 किलो जिंक फॉस्फाइड (चूहे मारने की दवा) और करीब 30,000 खाली कैप्सूल मंगाए थे। वह डोंगरी के कमरे में बैठकर अकेले ही हर खाली कैप्सूल में लगभग 1-1 ग्राम जहर भर रहा था। पुलिस ने जब उसके कमरे पर छापेमारी की, तो वहां से 15,000 तैयार जहरीले कैप्सूल और जहर का बड़ा जखीरा बरामद हुआ।
आरोपी का 15,000 लोगों को मारने का प्लान था
पुलिस के मुताबिक आरोपी फैयाज ने पूछताछ में अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उसका इरादा कुल 30,000 कैप्सूल तैयार कर जुलूस में बांटने का था। उसने कबूला कि उसका मकसद इस जहरीली दवा के जरिए करीब 15,000 लोगों की जान लेना था। फिलहाल पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि इस खौफनाक साजिश के पीछे क्या फैयाज अकेला था या उसके साथ कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था।