जापानी कार निर्माता Nissan भारतीय बाजार में अपनी नई मिडसाइज SUV Tekton को लॉन्च करने की तैयारी में है। कंपनी ने एक नए टीजर के जरिए इसकी लॉन्च डेट का खुलासा कर दिया है..
Nissan Tekton launch: जापानी कार निर्माता Nissan भारतीय बाजार में अपनी नई मिडसाइज SUV Tekton को लॉन्च करने की तैयारी में है। कंपनी ने एक नए टीजर के जरिए इसकी लॉन्च डेट का खुलासा कर दिया है। Nissan Tekton का ग्लोबल डेब्यू 9 जुलाई को मुंबई में होगा। खास बात यह है कि कंपनी अपनी इस नई SUV को ‘Baby Patrol’ के तौर पर पेश कर रही है, क्योंकि इसका डिजाइन काफी हद तक Nissan की मशहूर फुल-साइज SUV Patrol से प्रेरित है।
टीजर में कार का फ्रंट लुक काफी आकर्षक और दमदार दिखाई देता है। सामने बड़ी ग्रिल, सीधी और मस्कुलर बॉडी लाइन, पूरी चौड़ाई में फैली कनेक्टेड LED लाइट बार और बीच में इल्यूमिनेटेड Nissan लोगो इसे प्रीमियम लुक देते हैं। वहीं, बोनट पर बड़े अक्षरों में लिखा ‘TEKTON’ इसका अलग अंदाज दिखाता है।
फीचर्स की बात करें तो Nissan Tekton में 10.1 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10.25 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, डुअल-जोन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, पावर्ड ड्राइवर सीट, वायरलेस चार्जिंग और एम्बिएंट लाइटिंग जैसे प्रीमियम फीचर्स मिलने की उम्मीद है। सुरक्षा के लिए इसमें लेवल-2 ADAS, 360 डिग्री कैमरा और 6 एयरबैग जैसे एडवांस फीचर्स भी दिए जा सकते हैं।
इंजन विकल्पों में बेस वेरिएंट में 1.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलने की संभावना है, जो 100 PS की पावर और 160 Nm का टॉर्क देगा। वहीं, टॉप वेरिएंट में 1.3 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन दिया जा सकता है, जो 163 PS की पावर और 280 Nm का टॉर्क जनरेट करेगा। इसके साथ मैनुअल और CVT दोनों गियरबॉक्स विकल्प उपलब्ध हो सकते हैं।
कीमत की बात करें तो Nissan Tekton की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 11 लाख रुपये से कम रहने की उम्मीद है। भारतीय बाजार में लॉन्च होने के बाद इसका मुकाबला हुंडई क्रिएटा, मारुति ग्रैंड विटारा, किया सेल्टोस और टाटा सिएरा जैसी लोकप्रिय SUVs से होगा।