सोनौली में घटिया निर्माण पर गिरी गाज, सभासद रवि वर्मा की सख्ती से खुली पोल
पर्दाफाश न्यूज ब्यूरो महराजगंज :: आदर्श नगर पंचायत सोनौली में चल रहे गुणवत्ता विहीन निर्माण कार्यों पर आखिरकार कार्रवाई शुरू हो गई है। कई वार्डों में खामियां मिलने के बाद जिम्मेदारों को नोटिस थमा दिए गए हैं, जिससे ठेकेदारों और संबंधित विभाग में हड़कंप मच गया है।
सबसे बड़ा मामला वार्ड नंबर 11 के आइडियल पब्लिक स्कूल गली में बन रही सीसी रोड का सामने आया, जहां निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं।
इस पूरे मामले में मनोनीत सभासद रवि वर्मा ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए खुद मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की जांच की। उनके निरीक्षण में साफ सामने आया कि निर्माण में तय मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है और घटिया सामग्री का इस्तेमाल हो रहा है।
रवि वर्मा की सख्ती के चलते ही यह मामला सामने आया, जिसके बाद अधिकारियों को कार्रवाई के लिए मजबूर होना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते ऐसे जनप्रतिनिधि आवाज न उठाएं, तो भ्रष्टाचार यूं ही चलता रहता।
इस संबंध में जेई विजय प्रताप ने बताया कि वार्ड नंबर 11 के वाल्मीकि नगर में सीसी रोड निर्माण में गुणवत्ता की भारी कमी पाई गई है, जिसके चलते संबंधित पक्ष को दो नोटिस जारी किए गए हैं।
अब देखना यह होगा कि नोटिस के बाद सिर्फ कागजी कार्रवाई होती है या वाकई जिम्मेदारों पर ठोस कदम उठाए जाते हैं। फिलहाल, सभासद रवि वर्मा की पहल ने नगर पंचायत में चल रहे निर्माण कार्यों की सच्चाई उजागर कर दी है।