रविवार सुबह बिहार के वैशाली जिले में रास्ते और जमीन के पुराने विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासो गांव में हथियारबंद हमलावरों ने पिता-पुत्र पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं..
वैशाली,बिहार: रविवार सुबह बिहार के वैशाली जिले में रास्ते और जमीन के पुराने विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासो गांव में हथियारबंद हमलावरों ने पिता-पुत्र पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। हमले में 60 वर्षीय मुनारिक राय और उनके 35 वर्षीय बेटे जितेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। जितेंद्र भारतीय सेना में तैनात थे और इन दिनों छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
परिजनों के मुताबिक सुबह परिवार के लोग घर पर चाय-नाश्ता कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के अन्य सदस्य किसी तरह जान बचाकर भाग निकले, लेकिन मुनारिक राय और जितेंद्र कुमार गोलियों की चपेट में आ गए। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि हमलावर वारदात के बाद फरार हो गए।
मृतकों के परिजनों का आरोप है कि घटना को मुनारिक राय के भतीजे ने अंजाम दिया है। उनका कहना है कि दोनों परिवारों के बीच जमीन और रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। कुछ दिन पहले भी इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और झड़प हुई थी। परिजनों का आरोप है कि उसी रंजिश में इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल की जांच के साथ पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की।
पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। शुरुआती जांच में जमीन और रास्ते के विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।