। देखते ही देखते शादी का माहौल तनाव में बदल गया। दोनों परिवारों के बीच लंबी बातचीत और पंचायत शुरू हो गई। गांव के लोग भी मामले को सुलझाने में जुट गए। चर्चा के दौरान यह बात भी सामने आई कि लड़के के परिवार को पहले से इस रिश्ते की जानकारी थी, लेकिन लड़की वालों को इसके बारे में कुछ नहीं बताया गया था। वहीं महिला ने पुलिस में शिकायत करने और इंसाफ की मांग करने की बात कही है...
Bihar: बिहार के बगहा में एक शादी अचानक उस वक्त विवादों में घिर गई, जब बारात निकलने से ठीक पहले दूल्हे की कथित पहली पत्नी सामने आ गई। शादी वाले घर में जहां खुशी और रस्मों का माहौल था, वहीं कुछ ही देर में पंचायत, आरोप-प्रत्यारोप और समझौते की चर्चा शुरू हो गई। मामला ठकरहा थाना क्षेत्र के नवका टोला बेलवारीपट्टी गांव का बताया जा रहा है।
व्हाट्सऐप पर कौन सा मैसेज आया
बताया जा रहा है कि गांव निवासी ललन चौधरी ने अपने बड़े बेटे की शादी गोपालगंज की युवती से तय की थी। घर में हल्दी की रस्म चल रही थी और रिश्तेदार शादी की तैयारियों में व्यस्त थे। इसी दौरान दुल्हन पक्ष के मोबाइल पर एक व्हाट्सऐप मैसेज पहुंचा। मैसेज भेजने वाली महिला ने खुद को दूल्हे की पत्नी बताते हुए कुछ तस्वीरें और कथित सबूत साझा किए। महिला का दावा था कि वह कई सालों से युवक के साथ रह रही है और दोनों के तीन बच्चे भी हैं।
यह जानकारी मिलते ही दुल्हन पक्ष के लोग तुरंत गांव पहुंचे। देखते ही देखते शादी का माहौल तनाव में बदल गया। दोनों परिवारों के बीच लंबी बातचीत और पंचायत शुरू हो गई। गांव के लोग भी मामले को सुलझाने में जुट गए। चर्चा के दौरान यह बात भी सामने आई कि लड़के के परिवार को पहले से इस रिश्ते की जानकारी थी, लेकिन लड़की वालों को इसके बारे में कुछ नहीं बताया गया था। वहीं महिला ने पुलिस में शिकायत करने और इंसाफ की मांग करने की बात कही है।
कई घंटों तक चली पंचायत के बाद मामला एक अलग मोड़ पर पहुंचा। शादी टूटने की स्थिति बनने लगी तो बड़े भाई की जगह छोटे भाई से शादी कराने का प्रस्ताव सामने आया। पहले लड़की पक्ष इसके लिए तैयार नहीं था, लेकिन बाद में परिवार और समाज के दबाव के बीच सहमति बन गई। इसके बाद उसी मंडप में छोटे भाई को दूल्हा बनाया गया और शादी की रस्में पूरी कराई गईं। गांव में अब यह घटना चर्चा का बड़ा विषय बनी हुई है। लोग इसे किसी फिल्मी कहानी जैसा बता रहे हैं। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कथित पहली पत्नी के दावों की भी पड़ताल की जा रही है।