मोहर्रम को लेकर नौतनवा पालिका अलर्ट, अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने कर्बला स्थल का किया निरीक्षण
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर पालिका परिषद नौतनवा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने कर्बला प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों के साथ कर्बला स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, मार्गों की स्थिति तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को समयबद्ध ढंग से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पालिका अध्यक्ष ने कहा कि मोहर्रम मेले में नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ताजियादार शामिल होते हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने सफाई, विद्युत एवं जलकल विभाग को आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने पर विशेष जोर दिया।
इस दौरान कर्बला प्रबंध समिति के अध्यक्ष नफीस उर्फ छोट्टन कुरैशी, आसिक उर्फ झुल्लूर कुरैशी, सफाई प्रभारी गोविंद प्रसाद, जलकल प्रभारी सत्यप्रकाश, विद्युत व्यवस्थापक प्रमोद पाठक, अतीक अंसारी, समीम कुरैशी, मनौव्वर हुसैन एवं फिरोज अहमद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट
