राजस्व मामलों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, नवागत एसडीएम कुणाल के सख्त तेवर
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: नौतनवा के नवागत उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कुणाल ने पदभार ग्रहण करते ही अपनी कार्यशैली और प्राथमिकताओं का स्पष्ट संकेत दे दिया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि राजस्व से जुड़े किसी भी मामले में लापरवाही अब किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अंश निर्धारण, नामांतरण, वरासत, सीमांकन तथा भूमि विवाद जैसे सभी प्रकरणों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराया जाएगा।
एक मुलाकात को दिए विशेष साक्षात्कार में एसडीएम कुणाल ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग के लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा अनावश्यक विलंब करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने कहा, “जनता की समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है। कोई भी फरियादी निराश होकर वापस नहीं जाएगा। प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना जाएगा और उसका नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।”
एसडीएम ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को राजस्व अथवा भूमि संबंधी कोई समस्या है, तो वह बिना किसी झिझक सीधे उनसे मिल सकता है। तहसील दिवस के साथ-साथ सामान्य कार्यदिवसों में भी वह स्वयं फरियादियों की शिकायतें सुनेंगे और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने कहा कि भूमि विवादों के कारण कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए राजस्व एवं पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा। शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी प्रशासन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
नवागत एसडीएम के इस स्पष्ट और सख्त संदेश से यह संकेत मिल रहा है कि नौतनवा तहसील में अब राजस्व मामलों के निस्तारण में तेजी आएगी। साथ ही, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ जवाबदेही तय करते हुए सख्त कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट