80s AI Photo Trend सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें ChatGPT की मदद से लोग अपनी तस्वीरों को 1980s के बॉलीवुड और रेट्रो अंदाज में बदल रहे हैं। कई नेता, अभिनेता और खिलाड़ी भी इस ट्रेंड में शामिल हुए हैं।
80s AI Photo Trend: Instagram और X पर इन दिनों 80s AI Photo Trend ने धूम मचा रखी है। आम यूजर्स के साथ-साथ नेता, बॉलीवुड सितारे, क्रिकेटर और दूसरे पब्लिक फिगर्स भी AI की मदद से खुद को 1980 के दशक के अंदाज में देख रहे हैं। किसी तस्वीर में पुराना बॉलीवुड स्टूडियो पोर्ट्रेट नजर आ रहा है तो कहीं विंटेज कार, बड़े हेयरस्टाइल, सनग्लास और फिल्मी फैशन का तड़का दिखाई दे रहा है।
इस ट्रेंड में AI किसी मौजूदा तस्वीर को 80s के दौर की तस्वीर जैसा बना देता है। इसमें चेहरे की पहचान को बनाए रखते हुए कपड़े, हेयरस्टाइल, बैकग्राउंड, लाइटिंग, कलर टोन और फिल्म ग्रेन बदले जाते हैं। यही वजह है कि तस्वीरें पुराने फैमिली एलबम या 80 के दशक की फिल्म मैगजीन के फोटोशूट जैसी दिखाई देती हैं।
सबसे पहले जिन राजनीतिक चेहरों की तस्वीरें चर्चा में आईं, उनमें केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल का नाम प्रमुख है। उन्होंने AI से तैयार 80s लुक शेयर किया, जिसमें वह ग्रे सूट, सफेद शर्ट और एविएटर सनग्लास में नजर आए। तस्वीर को सेपिया टोन और फिल्म ग्रेन देकर पुराने स्टूडियो पोर्ट्रेट जैसा बनाया गया था।
इसके बाद किरेन रिजिजू भी इस ट्रेंड में शामिल हुए। उनके AI लुक में ब्लेजर, खुली शर्ट और सनग्लास के साथ उन्हें एक पुरानी कार के पास खड़ा दिखाया गया। रिजिजू ने मजाकिया अंदाज में 80s की वापसी पर पोस्ट भी किया।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी अपना AI रेट्रो अवतार शेयर किया। उनकी तस्वीर में 80s वाला सूट और सनग्लास लुक दिखाई दिया। उन्होंने इसे नॉस्टेल्जिया से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर शेयर किया।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी AI से तैयार 80s अंदाज की तस्वीर पोस्ट की। इसमें वह स्वेटर पहने हुए नजर आए और उन्होंने लिखा कि 80s ने उन्हें बुलाया और उन्होंने जवाब दिया।बीजेपी सांसद
अनुराग ठाकुर भी इस ट्रेंड का हिस्सा बने और उन्होंने अपना रेट्रो लुक सोशल मीडिया पर साझा किया।
चिराग पासवान का नाम भी इस ट्रेंड में शामिल नेताओं में सामने आया है। वहीं कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी का 80s लुक कांग्रेस सेवा दल के सोशल मीडिया हैंडल से शेयर किया गया।
शशि थरूर ने इस ट्रेंड को थोड़ा अलग अंदाज में अपनाया। उन्होंने AI तस्वीर के बजाय अपने और अपने बेटों की वास्तविक 1980s की पुरानी तस्वीरें शेयर कीं। यानी उनका 80s लुक AI से बनाया हुआ नहीं, बल्कि असली पुरानी तस्वीरों पर आधारित था।
इसके अलावा नरेंद्र मोदी की 80s थीम वाली तस्वीर/वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसे बीजेपी तमिलनाडु के हैंडल से शेयर किया गया। रेणुका चौधरी ने भी अपने पुराने 1980s मैगजीन कवर को शेयर कर इस नॉस्टेल्जिया में हिस्सा लिया।

फिल्मी सितारे भी इस ट्रेंड से दूर नहीं रहे। कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा ने 80s के बॉलीवुड कपल के अंदाज में AI तस्वीर शेयर की। कियारा ने इसे “Back to the 80’s” के साथ पोस्ट किया। तस्वीर में सिद्धार्थ डेनिम शर्ट, सफेद टी-शर्ट और एविएटर सनग्लास में दिखे, जबकि कियारा रेट्रो ड्रेस, ब्लैक बेल्ट और बड़े हूप ईयररिंग्स में नजर आईं। फैंस ने दोनों के लुक की तुलना पुराने दौर की बॉलीवुड जोड़ियों से भी की। परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा भी इस वायरल ट्रेंड में नजर आए। दोनों की रेट्रो तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर खूब ध्यान खींचा। रिपोर्ट्स के मुताबिक अमीषा पटेल, श्रुति हासन, तहिरा कश्यप और सबा अली खान भी इस 80s-inspired ट्रेंड में शामिल हुई हैं।
इस ट्रेंड का असर खेल जगत में भी दिखाई दिया। इरफान पठान ने कई AI-generated retro तस्वीरें शेयर कीं। एक तस्वीर में वह ब्लेजर, पैंट और सफेद शर्ट में नजर आए, जबकि दूसरी में डेनिम और जैकेट वाला लुक दिखाई दिया। चेस ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा ने भी 80s स्टाइल AI तस्वीर शेयर की, जिसमें वह डेनिम जैकेट में शतरंज खेलते नजर आए। वहीं स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट विक्रांत गुप्ता ने भी अपना रेट्रो अवतार शेयर किया। लेखक और वक्ता कुमार विश्वास भी इस ट्रेंड में शामिल हुए।

इस ट्रेंड की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें सिर्फ पुराना फिल्टर नहीं लगाया जाता। AI तस्वीर के पूरे विजुअल को 80s के हिसाब से दोबारा तैयार करता है। बड़े और घने बाल, घुंघराले हेयरस्टाइल, पुराने फैशन के कपड़े, एविएटर चश्मे, स्टेटमेंट ज्वेलरी, विंटेज कार, वार्म लाइटिंग और फिल्म ग्रेन जैसे एलिमेंट तस्वीर को पूरी तरह रेट्रो बना देते हैं। यही वजह है कि लोग अपनी सामान्य सेल्फी को 80s बॉलीवुड स्टार, पुरानी मैगजीन कवर फोटो, डिस्को एरा पोर्ट्रेट या पुराने फैमिली एलबम के अंदाज में बदल रहे हैं।
ChatGPT में अपनी साफ और अच्छी रोशनी वाली फोटो अपलोड करें और ऐसा निर्देश दे सकते हैं:
“Reimagine this image as a glamorous 1980s Indian film portrait. Retain the subject’s recognisable facial features and natural skin tone. Add voluminous softly curled hair, an authentic 1980s outfit, statement jewellery, warm studio lighting, cinematic colours and subtle vintage film grain. Make the image realistic, elegant and natural.”
इसके बाद जरूरत के हिसाब से आप अलग-अलग निर्देश दे सकते हैं जैसे, “make it look like an old Bollywood magazine cover”, “give it a vintage wedding album look” या “create an authentic 1980s disco-era portrait.”
इस तरह 80s का यह ट्रेंड सिर्फ एक फोटो फिल्टर नहीं बल्कि AI, फैशन और नॉस्टेल्जिया का ऐसा कॉम्बिनेशन बन गया है, जिसमें नेता, अभिनेता, खिलाड़ी और आम सोशल मीडिया यूजर्स सभी अपने-अपने अंदाज में पुराने दौर में लौट रहे हैं।