1. हिन्दी समाचार
  2. जॉब्स
  3. अभिजीत दिपके, बोले-धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा जनता के अंदर से डर खत्म होने का है प्रतीक, सितंबर से चलेगा ‘बोलती पब्लिक’ अभियान

अभिजीत दिपके, बोले-धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा जनता के अंदर से डर खत्म होने का है प्रतीक, सितंबर से चलेगा ‘बोलती पब्लिक’ अभियान

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके (Abhijit Dipke) ने जंतर-मंतर आंदोलन और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को युवाओं की बड़ी जीत बताते हुए पार्टी के आगामी एजेंडे का ऐलान किया। दिपके ने गुरुवार को कहा कि पिछले कई वर्षों से सरकार यह संदेश देती रही कि सत्ता में बैठे लोगों से कोई सवाल नहीं पूछ सकता।

By santosh singh 
Updated Date

नई दिल्ली : कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके (Abhijit Dipke) ने जंतर-मंतर आंदोलन और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को युवाओं की बड़ी जीत बताते हुए पार्टी के आगामी एजेंडे का ऐलान किया। दिपके ने गुरुवार को कहा कि पिछले कई वर्षों से सरकार यह संदेश देती रही कि सत्ता में बैठे लोगों से कोई सवाल नहीं पूछ सकता। लेकिन युवाओं के आंदोलन ने इस धारणा को बदल दिया। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान (Dharmendra Pradhan) का इस्तीफा सिर्फ एक व्यक्ति का इस्तीफा नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक आंदोलन की सफलता और जनता के भीतर से डर खत्म होने का प्रतीक है।

पढ़ें :- सीजेपी ने कई अहम पदों पर नए नामों का किया ऐलान, पार्टी ने दो नए राष्ट्रीय प्रवक्ता भी नियुक्त किए

आंदोलन देश के युवाओं की ऐतिहासिक जीत-दिपके

उन्होंने कहा कि 25 जुलाई का आंदोलन देश के युवाओं की ऐतिहासिक जीत थी। इस आंदोलन की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि लोगों में सरकार से सवाल पूछने का साहस पैदा हुआ। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की विचारधारा पर बोलते हुए दिपके ने कहा कि उनकी पार्टी भारतीय संविधान के मूल्यों पर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर, महात्मा गांधी और पंडित जवाहरलाल नेहरू के विचारों से प्रेरित होकर पार्टी सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए काम करेगी।

अब ‘बोलती पब्लिक’ नाम से राष्ट्रीय अभियान

दिपके ने बताया कि पार्टी की दो दिवसीय कोर कमेटी की बैठक में सितंबर से देशभर में ‘बोलती पब्लिक’ (Bolti Public Campaign) नाम से राष्ट्रीय अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। इस अभियान के तहत पार्टी देशभर में जाकर लोगों से उनकी समस्याएं और अपेक्षाएं जानेगी। उनका कहना है कि आज राजनीतिक दल और सरकारें आम जनता, खासकर युवाओं से कट चुकी हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का पहला और सबसे बड़ा मुद्दा शिक्षा सुधार होगा। उनका आरोप है कि देश में शिक्षा लगातार महंगी होती जा रही है। निजी स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों की बढ़ती फीस ने आम परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ डाल दिया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा को व्यवसाय नहीं, बल्कि हर नागरिक का मौलिक अधिकार माना जाना चाहिए।

पढ़ें :- जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हमला, आशुतोष रांका ने बीजेपी और पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

न्यायपालिका, मीडिया पर भी सवाल उठाए

दिपके ने कहा कि देश में बेरोजगारी भी गंभीर समस्या बन चुकी है। डिग्रीधारी युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और मजबूरी में उन्हें छोटे-मोटे काम करने पड़ रहे हैं। उनका कहना है कि सरकार को रोजगार और शिक्षा जैसे मूल मुद्दों पर गंभीरता से काम करना चाहिए। उन्होंने न्यायपालिका और मीडिया पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि आम लोगों को अदालतों में वर्षों तक न्याय का इंतजार करना पड़ता है, जबकि प्रभावशाली लोगों के मामलों का जल्दी निपटारा होता है। वहीं मीडिया पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि मीडिया को सत्ता से सवाल पूछने चाहिए और जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देनी चाहिए।

दिपके ने कहा कि आने वाले समय में पार्टी उन सभी संगठनों और लोगों का राष्ट्रीय नेटवर्क तैयार करेगी जिन्होंने जंतर-मंतर आंदोलन का समर्थन किया था। उनका दावा है कि यह अभियान देशभर में जनता की आवाज को मजबूत करने और व्यवस्था में सुधार की दिशा में काम करेगा।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...