बांकीपुर विधानसभा सीट (Bankipur Assembly Seat) बीजेपी का गढ़ मानी जाती रही है। बता दें कि बांकीपुर उपचुनाव भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन (BJP National President Nitin Nabin)के अप्रैल में राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद रिक्त हुई सीट पर कराया गया था।
पटना। बांकीपुर विधानसभा सीट (Bankipur Assembly Seat) बीजेपी का गढ़ मानी जाती रही है। बता दें कि बांकीपुर उपचुनाव भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन (BJP National President Nitin Nabin) के अप्रैल में राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद रिक्त हुई सीट पर कराया गया था। नितिन नबीन (Nitin Nabin) ने नवंबर 2025 के विधानसभा चुनाव में लगातार पांचवीं बार यह सीट जीती थी। उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता को 50 हजार से अधिक मतों के अंतर से हराया था। इस बार उपचुनाव में जनसुराज के संस्थापक इस सीट से अपनी चुनावी पारी की शुरुआत कर रहे हैं। बांकीपुर सीट पर पांचवें राउंड की मतगणना पूरी हो चुकी है। पांचवें चरण के बाद प्रशांत किशोर की बढ़त और मजबूत हो गई है। वह अब 2,319 वोटों से आगे चल रहे हैं।
मतगणना के लिए पटना के एएन कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र पर कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। मतगणना के नतीजे से 25 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। मुख्य मुकाबला भाजपा के नीरज सिन्हा, जनसुराज के प्रशांत किशोर और राजद की रेखा गुप्ता के बीच है। मतगणना के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इसके लिए केंद्रीय सुरक्षा बल, एसटीएफ और जिला पुलिस को भी लगाया गया है। सहायक निर्वाचन पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि ईवीएम जमा होने के दिन से ही सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे से भी निगरानी की जा रही है। मतगणना के लिए 16 टेबल बनाए गए हैं। प्रत्येक टेबल पर तीन मतगणना कर्मी होंगे। कुल 31 राउंड में गिनती होगी। उपचुनाव के लिए गुरुवार 30 जुलाई को 34.31 प्रतिशत मतदान हुआ था।