1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पत्नी की मौत के आरोप से आहत पति ने फंदे से लटककर दी जान, लिखा- मैं यह कलंक लेकर नहीं जी सकता…

पत्नी की मौत के आरोप से आहत पति ने फंदे से लटककर दी जान, लिखा- मैं यह कलंक लेकर नहीं जी सकता…

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के कोतवाली क्षेत्र स्थित बिलौली गांव में शनिवार सुबह एक ही परिवार में दो मौतों से सनसनी फैल गई। तालाब से मिट्टी निकालने गए पति-पत्नी में पहले पत्नी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई, जिसके बाद ससुरालजनों के हत्या के आरोपों से आहत पति ने घर लौटकर फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है...

By Harsh 
Updated Date

लखनऊ, पर्दाफाश।  उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के कोतवाली क्षेत्र स्थित बिलौली गांव में शनिवार सुबह एक ही परिवार में दो मौतों से सनसनी फैल गई। तालाब से मिट्टी निकालने गए पति-पत्नी में पहले पत्नी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई, जिसके बाद ससुरालजनों के हत्या के आरोपों से आहत पति ने घर लौटकर फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतक कुलदीप चौहान (30) का विवाह करीब दो वर्ष पहले फतेहपुर (बाराबंकी) क्षेत्र की रहने वाली निशा (27) से हुआ था। दोनों का 10 महीने का एक बेटा बालगोविंद है। कुलदीप पोलियो के कारण एक पैर से दिव्यांग था और इलेक्ट्रिक वायरिंग का काम करता था। परिवार में उसकी मां दयावती, बड़ा भाई दिवाकर और पत्नी-बच्चा थे।

पढ़ें :- ‘फूलन देवी बनकर बदला लूंगी....अपने जलते घर को देखकर युवती हुई आगबबूला, वीडिओ हुआ वायरल

शनिवार को घर की टीन की छत पर पटाई के लिए मिट्टी लाने के उद्देश्य से कुलदीप अपनी पत्नी निशा के साथ गांव के तालाब पर गया था। दोनों ने मिट्टी निकालकर किनारे जमा की। इसके बाद मिट्टी ढोने के लिए कुलदीप गांव के पूर्व प्रधान निर्मल वर्मा के घर ठेलिया लेने चला गया। कुलदीप के अनुसार, जब वह ठेलिया लेकर वापस लौटा तो उसने देखा कि निशा तालाब किनारे औंधे मुंह बेसुध पड़ी थी। घबराए कुलदीप ने किसी तरह पत्नी को ठेलिया पर लादकर चौराहे पर मौजूद डॉक्टर के पास पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने निशा को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद वह पत्नी का शव लेकर घर पहुंचा और ससुराल पक्ष को सूचना दी।

सूचना मिलते ही निशा के मायके वाले मौके पर पहुंचे और कुलदीप पर पत्नी की हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। गांव में भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोपों और अपमान से आहत कुलदीप अचानक वहां से गायब हो गया। कुछ देर बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो वह अपने नए बने घर में रस्सी के फंदे से लटका मिला। मौके पर एक सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें उसने लिखा— “मेरी कोई गलती नहीं है। मां और भाई मेरे बेटे का ध्यान रखना। मैं यह कलंक लेकर नहीं जी सकता।” साथ ही उसने मां से माफी भी मांगी।

कुछ ही घंटों के भीतर पति-पत्नी दोनों की मौत की खबर पूरे गांव में फैल गई, जिससे इलाके में मातम छा गया। लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं करते रहे। मामले में पुलिस ने बताया कि मृतका के भाई छोटू की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पढ़ें :- बदायूं में देर रात खौफनाक वारदात, पति ने की पत्नी की बेरहमी से हत्या, कुल्हाड़ी से हमला करने का आरोप
इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...