बिजनौर के जलालपुर काजी गांव में पति-पत्नी की मौत की खबर से हड़कंप मच गया। सोमवार को घर से खेत की ओर निकले देशराज उर्फ छोटे और उनकी पत्नी सुषमा देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने तलाश शुरू की तो खेत के आसपास उनकी चप्पलें और खून के निशान मिले...
बिजनौर के जलालपुर काजी गांव में पति-पत्नी की मौत की खबर से हड़कंप मच गया। सोमवार को घर से खेत की ओर निकले देशराज उर्फ छोटे और उनकी पत्नी सुषमा देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने तलाश शुरू की तो खेत के आसपास उनकी चप्पलें और खून के निशान मिले। अगले दिन तलाश के दौरान सुषमा का शव गंगा में मिला, जबकि कुछ दूरी पर देशराज मृत अवस्था में पाया गया।

चप्पलों और खून के निशान से गहराया शक
बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह करीब 10 बजे 45 वर्षीय देशराज अपनी पत्नी सुषमा के साथ गंगा खादर स्थित खेत की तरफ गया था। दोनों वहां लकड़ी काटने गए थे। देशराज लकड़ी काटने का काम करता था। काफी समय बीतने के बाद भी जब दंपती घर नहीं पहुंचा तो बेटी कामिनी ने अपने छोटे भाई हनी को उनकी तलाश में भेजा।
खेत के पास पहुंचने पर हनी को माता-पिता कहीं दिखाई नहीं दिए। चकरोड पर सुषमा की चप्पल पड़ी मिली, जबकि कुछ दूरी पर देशराज की चप्पल थी। आसपास खून के निशान भी दिखाई दिए। इसके बाद हनी ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी जानकारी दी।
सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर जुट गए। शुरुआत में किसी जंगली जानवर के हमले की आशंका जताई गई और वन विभाग को भी खबर दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तलाश कराई, लेकिन सोमवार शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका।

गंगा में तलाश के दौरान सामने आया पहला शव
मंगलवार को ग्रामीणों और पुलिस ने दोबारा आसपास के इलाके में खोजबीन शुरू की। इसी दौरान गंगा के पानी में गिरे एक शहतूत के पेड़ के पास सुषमा का शव दिखाई दिया। दुपट्टे से पेड़ में शव को बांधा गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और जांच शुरू की। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक महिला का शव अर्धनग्न स्थिति में मिला जिसको देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और इसके बाद देशराज की तलाश तेज कर दी गई।

मृतक देशराज और मृतका पत्नी सुषमा
कुछ दूरी पर मिला पति का शव
सुषमा का शव मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में देशराज को ढूंढना शुरू किया। करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एक पेड़ पर उसका शव बाइक की क्लच वायर के फंदे में लटका मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। मौके में देशराज के अंग में उसके वस्त्र नहीं थे और उसके शरीर पर उसके पत्नि की सलवार थी।
मौके की परिस्थितियों को लेकर पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस को घटनास्थल से जुड़े कुछ ऐसे तथ्य भी मिले हैं, जिनके आधार पर अलग-अलग संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। फिलहाल मौत की वजह और दोनों घटनाओं के बीच संबंध को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। दंपती के परिवार में दो बेटियां और दो बेटे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।