इंदौर में गरबा खेलने पहुंची एक लड़की और उसके साथ बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसने गरबा पंडाल की व्यवस्था से लेकर महिलाओं के सम्मान तक पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Garba Pandal Viral Video: मामला कनकेश्वरी गरबा पंडाल का है। एक 15 साल की लड़की अपने परिवार के साथ कनकेश्वरी गरबा पंडाल पहुँची और गरबा खेलना चाहती थी, लेकिन उसे प्रवेश नहीं दिया गया। इस बात पर लड़की और उसके स्वजन का व्यवस्था संभाल रहे लोगों से विवाद हो गया। इसी बीच मंच पर बैठे भाजपा के जीजाबाई मंडल अध्यक्ष कमल चौहान का ‘भक्ति भाव’ ऐसा जाग गया कि वो बैरिकेडिंग फांदकर कूद पड़े, परिवार से बहस की, फिर लड़की की बांह पकड़ी और धक्के मारते हुए उसे पंडाल से बाहर निकाल दिया। लड़की बार-बार कह रही थी – “हाथ मत लगाना, ये ठीक नहीं है.. पुलिस में शिकायत करुंगी।” घटना के दौरान वहां मौजूद कुछ लोग बीच-बचाव करने की कोशिश करते भी नजर आए।
वीडियो सामने आने के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस ने इस मामले को लेकर भाजपा को घेरना शुरू कर दिया है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अमित चौरसिया ने भाजपा के इंदौर महानगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मांग की है कि मामले में आरोपों का सामना कर रहे मंडल अध्यक्ष को तत्काल पार्टी से बर्खास्त किया जाए। इसके साथ ही कांग्रेस ने इंदौर पुलिस कमिश्नर से घटना का संज्ञान लेकर उचित कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है।
📍बीजेपी नेता ने पंद्रह साल की लड़की को गरबा से धक्के मार कर निकाला
इंदौर में बीजेपी मंडल अध्यक्ष कमल चौहान ने एक पंद्रह साल की लड़की को धक्के मार कर गरबा पंडाल से बाहर निकाल दिया।
घटना बीजेपी विधायक रमेश मेंदोला द्वारा आयोजित मां कनकेश्वरी गरबा पंडाल में हुई है।
पढ़ें :- सरपंच के घर खड़ी बिना नंबर की स्कॉर्पियो ने उगले 1.29 करोड़ रुपये, गुप्त ठिकानों में छिपी थी नकदी
स्थानीय जीजाबाई मंडल के बीजेपी अध्यक्ष कमल चौहान ने किसी बात पर पंद्रह साल की लड़की के साथ बदसलूकी की और धक्के मार कर बाहर कर दिया।
कमल मंच पर मौजूद था और वहां से बैरिकेड फांद कर नीचे कूदा और लड़की पर टूट पड़ा।लड़की बार बार कहती रही- हाथ मत लगाना लेकिन गुस्से में बौखलाया कमल चौहान नहीं रुका।
— Dr.Rakesh Pathak डॉ. राकेश पाठक راکیش (@DrRakeshPathak7) October 17, 2026
कांग्रेस प्रवक्ता ने बेटियों की सुरक्षा को लेकर भाजपा के बयानों पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा केवल मंचों से दिए जाने वाले भाषणों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि ऐसे मामलों में ठोस कदम उठाकर भी इसे साबित करना जरूरी है। उन्होंने भाजपा से पूछा कि अपनी ही पार्टी के पदाधिकारी पर लगे आरोपों के मामले में कार्रवाई कब की जाएगी।
फिलहाल यह मामला वायरल वीडियो और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच चर्चा में है। हालांकि, वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम के सभी पहलुओं पर अंतिम निष्कर्ष निकालना सही नहीं होगा। संबंधित पक्षों का बयान और पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई इस मामले में महत्वपूर्ण होगी।