1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. उन्नाव: मुंडन संस्कार से लौट रहे परिवार पर काल बनकर टूटा डंपर, 6 की मौत; खुशियां मातम में बदलीं

उन्नाव: मुंडन संस्कार से लौट रहे परिवार पर काल बनकर टूटा डंपर, 6 की मौत; खुशियां मातम में बदलीं

उन्नाव: सुमेरपुर-बक्सर मार्ग पर बुधवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। 3 साल के मासूम शुभ के मुंडन संस्कार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब मंदिर से लौट रही बोलेरो को एक तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं...

By हर्ष गौतम 
Updated Date

उन्नाव: सुमेरपुर-बक्सर मार्ग पर बुधवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। 3 साल के मासूम शुभ के मुंडन संस्कार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब मंदिर से लौट रही बोलेरो को एक तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, पठई गांव निवासी मालती अपने 3 वर्षीय बेटे सूरज उर्फ शुभ का मुंडन कराने के लिए परिजनों और रिश्तेदारों के साथ बक्सर स्थित मां चंडिका देवी मंदिर गई थीं। मंदिर में पूजा-पाठ, ढोल-नगाड़ों और मंगल गीतों के बीच मुंडन संस्कार संपन्न हुआ। पूरा परिवार खुशी-खुशी बोलेरो से वापस घर लौट रहा था, जहां भोज और उत्सव की तैयारियां चल रही थीं।

पढ़ें :- बिहार: नालंदा में शीतला माता मंदिर में भगदड़, 8 महिलाओं की मौत, कई घायल

लेकिन जैसे ही बोलेरो बिहार-बक्सर मार्ग पर कीरतपुर गांव के पास पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और वाहन डंपर के नीचे दब गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। चारों तरफ खून और मलबा बिखरा पड़ा था। ग्रामीणों ने दौड़कर राहत कार्य शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गंभीर रूप से घायल मालती अपने बेटे शुभ को सीने से लगाए मलबे में फंसी मिलीं। मासूम शुभ सहमा हुआ था, मानो उसे समझ ही नहीं आ रहा था कि कुछ देर पहले की खुशियां अचानक इस दर्दनाक हादसे में कैसे बदल गईं।

जिस घर में मुंडन की दावत की तैयारी चल रही थी, वहां अब मातम पसरा है। एक साथ कई शव गांव पहुंचे तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में सन्नाटा छा गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद डंपर के नीचे फंसी बोलेरो को बाहर निकाला और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष के अनुसार, मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं, जबकि घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। इस दर्दनाक हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का एलान किया है। साथ ही प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों के इलाज में कोई लापरवाही न बरती जाए।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...