पश्चिम बंगाल में चुनावी हिंसा के बीच एक और सनसनीखेज वारदात ने राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सचिव चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में हुई, जहां हमलावरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से उनकी SUV को रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी...
पश्चिम बंगाल हिंसा : पश्चिम बंगाल में चुनावी हिंसा के बीच एक और सनसनीखेज वारदात ने राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सचिव चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में हुई, जहां हमलावरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से उनकी SUV को रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
ओवरटेक कर रोकी गाड़ी, फिर शुरू हुई गोलियों की बारिश
जानकारी के मुताबिक चंद्रनाथ रथ रात करीब 10:20 बजे विधानसभा से लौटकर अपने घर माइकलनगर जा रहे थे। उनकी SUV जैसे ही दोहारिया इलाके में पहुंची, तभी एक चारपहिया वाहन ने अचानक सामने आकर रास्ता रोक लिया। कार रुकते ही दो बाइक पर सवार चार हमलावर तेजी से गाड़ी के पास पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने बेहद करीब से सीधे चंद्रनाथ रथ को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध गोलियां चला दीं। पूरी घटना कुछ ही सेकंड में हुई और हमलावर मौके से फरार हो गए।
सीने और पेट में लगी गोलियां, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
फायरिंग में चंद्रनाथ रथ को सीने और पेट में कई गोलियां लगीं। उनके ड्राइवर बुद्धदेव बेरा भी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोग दोनों को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने रथ को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक दो गोलियां उनके सीने को आर-पार कर गई थीं, जिससे बचने की कोई संभावना नहीं बची। वहीं ड्राइवर की हालत अब भी गंभीर बताई जा रही है।
CCTV में दिखे हमलावर, नंबर प्लेट से छेड़छाड़ का शक
घटना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने पूरे इलाके को घेर लिया। जांच एजेंसियां आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। शुरुआती जांच में बाइक सवार संदिग्ध हमलावर कैमरे में भागते दिखाई दिए हैं। पुलिस ने उस संदिग्ध कार को भी जब्त कर लिया है जिसने रथ की गाड़ी को रोका था। अधिकारियों का कहना है कि कार की नंबर प्लेट संदिग्ध लग रही है और उसमें छेड़छाड़ की आशंका है।
“पहले से प्लान की गई हत्या” – सुवेंदु अधिकारी
घटना के बाद सुवेंदु अधिकारी ने इसे सोची-समझी साजिश करार दिया। उनका आरोप है कि हमलावरों ने कई दिनों तक रेकी करने के बाद इस वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि चंद्रनाथ रथ सिर्फ सहयोगी नहीं बल्कि लंबे समय से उनके बेहद भरोसेमंद साथी थे। भाजपा नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हर संभव मदद का भरोसा दिया है।
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप
इस हत्या के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी गुस्सा देखने को मिला। देर रात तक अस्पताल के बाहर समर्थकों की भीड़ जुटी रही और तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी होती रही। बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने इस घटना के लिए सीधे तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। हालांकि तृणमूल कांग्रेस ने हत्या की निंदा करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सीबीआई जांच की मांग की है।
पूर्व वायुसेना कर्मी थे चंद्रनाथ रथ
बताया जा रहा है कि चंद्रनाथ रथ पूर्व वायुसेना कर्मी भी रह चुके थे। राजनीतिक गलियारों में उनकी पहचान सुवेंदु अधिकारी के बेहद करीबी और भरोसेमंद सहयोगी के रूप में थी। वारदात के बाद जेसोर रोड और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घटनास्थल से मिली तस्वीरों में SUV का टूटा शीशा, अंदर फैला खून और फोरेंसिक टीम की जांच साफ दिखाई दे रही है। पुलिस अब इस हत्याकांड को राजनीतिक साजिश, व्यक्तिगत दुश्मनी और पेशेवर हमले—तीनों एंगल से जांच रही है।