1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. बंगाल चुनावी नतीजों के बाद सड़को पर टकराव: कहीं टीएमसी कार्यकर्ता लहूलुहान, तो कहीं तोड़े गए दफ्तर

बंगाल चुनावी नतीजों के बाद सड़को पर टकराव: कहीं टीएमसी कार्यकर्ता लहूलुहान, तो कहीं तोड़े गए दफ्तर

श्चिम बंगाल में चुनावी नतीजों के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। राज्य के कई हिस्सों से हिंसा और तोड़फोड़ की खबरें सामने आ रही हैं। आरोप लगाया जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी के समर्थकों ने तृणमूल कांग्रेस के कार्यालयों को निशाना बनाया, जिससे कई इलाकों में स्थिति बिगड़ गई...

By हर्ष गौतम 
Updated Date

West Bengal Election:  पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजों के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। राज्य के कई हिस्सों से हिंसा और तोड़फोड़ की खबरें सामने आ रही हैं। आरोप लगाया जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी के समर्थकों ने तृणमूल कांग्रेस के कार्यालयों को निशाना बनाया, जिससे कई इलाकों में स्थिति बिगड़ गई। समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार दोपहर के बाद टॉलीगंज, बारुईपुर, कमरहाटी, बारानगर, बहरामपुर, हावड़ा और कसबा जैसे इलाकों में उग्र भीड़ ने टीएमसी दफ्तरों में तोड़फोड़ की। कुछ स्थानों पर आगजनी और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं भी सामने आई हैं।

पढ़ें :- कार ने SUV रोकी, बाइक सवारो ने गोली बरसाई, सुवेंदु अधिकारी के PA की हत्या की साजिश कैसे रची गई!

आसनसोल में फिर भड़का तनाव

आसनसोल में चुनाव नतीजों के बाद हिंसा की घटना सामने आई है, जहां तृणमूल कांग्रेस के दफ्तर में तोड़फोड़ और आगजनी की गई। टीएमसी ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता में आते ही विरोधियों को निशाना बनाया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि रानीगंज इलाके में एक कार्यकर्ता पर हमले के विरोध में शुरू हुआ प्रदर्शन उग्र हो गया और भीड़ ने टीएमसी कार्यालय पर हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया, जिसे देखते हुए पुलिस और केंद्रीय बलों को मौके पर तैनात किया गया है।

टीएमसी ने एक्स में एक पोस्ट करते हुए लिखा, BJP ने तो सारी हदें पार कर दी हैं! उन्होंने मानिकतला वार्ड के अध्यक्ष को भी नहीं बख्शा—जो खुद कैंसर के मरीज़ हैं—और बेरहमी से उनका सिर फोड़ दिया। आखिर वे रुकने से पहले और कितना खून बहाना चाहते हैं?

टीएमसी का तीखा आरोप

इन घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए तृणमूल कांग्रेस ने सोशल मीडिया के जरिए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। पार्टी ने कहा कि सत्ता में आते ही विरोधियों को निशाना बनाया जा रहा है और यह घटनाएं उसी का उदाहरण हैं। टॉलीगंज के विजयगढ़-नेताजीनगर इलाके में पूर्व मंत्री अरूप बिस्वास के चुनाव कार्यालय में भीड़ ने जमकर तोड़फोड़ की। वहीं रूबी क्रॉसिंग पर पार्षद सुशांत घोष के दफ्तर को भी नुकसान पहुंचाया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ लोग बीजेपी के झंडे लेकर पहुंचे और नारेबाजी के बीच कार्यालयों में तोड़फोड़ की।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है, ताकि हालात और न बिगड़ें। राज्य में जारी इन घटनाओं ने चुनाव के बाद की राजनीति को और गरमा दिया है, जहां आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होता जा रहा है।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...