जानकारी के अनुसार, देर रात कुछ लोगों ने उनके घर के बाहर खड़ी कार को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी..
कोरिया: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सोनहत क्षेत्र के नौगई गांव में रेत कारोबार को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें भाजपा के पूर्व नेता और पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, देर रात कुछ लोगों ने उनके घर के बाहर खड़ी कार को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घटना के समय पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष कार के अंदर मौजूद थे। आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें काफी तेज थीं।
घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। कार पूरी तरह जल चुकी थी और अंदर मौजूद पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष की मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, सरगुजा रेंज के आईजी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान घटनास्थल के पास खड़ी एक अन्य गाड़ी में भी तोड़फोड़ के निशान मिले हैं, जिससे मामले को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में रेत कारोबार से जुड़े विवाद को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अभी सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।