राजस्थान के जोधपुर से स्मार्टफोन यूजर्स को डरा देने वाली एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां मंडोर कृषि मंडी इलाके में सोमवार दोपहर एक किराना व्यापारी की पैंट की जेब में रखा मोबाइल अचानक बम..
जोधपुर: राजस्थान के जोधपुर से स्मार्टफोन यूजर्स को डरा देने वाली एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां मंडोर कृषि मंडी इलाके में सोमवार दोपहर एक किराना व्यापारी की पैंट की जेब में रखा मोबाइल अचानक बम की तरह ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि मोबाइल में तुरंत आग लग गई, जिससे व्यापारी की जांघ और हाथ की उंगलियां गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पीड़ित की चमड़ी तक उधड़ गई।

जोधपुर मोबाइल ब्लास्ट: धमाके के बाद जलते फोन को फेंकने की कोशिश में झुलसीं व्यापारी की उंगलियां
टी-शर्ट पहनने की वजह से पैंट की जेब में था फोन
लाल सागर इलाके के रहने वाले 39 वर्षीय पीड़ित व्यापारी गोपाल सोनी ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे वे अपनी दुकान के काउंटर पर कुछ चेक कर रहे थे। आमतौर पर वे अपना फोन शर्ट की जेब में रखते हैं, लेकिन उस दिन टी-शर्ट पहनने के कारण मोबाइल पैंट की जेब में था। अचानक हुए तेज धमाके के साथ उनकी पैंट में आग लग गई और धुंआ निकलने लगा। दर्द से चिल्लाते हुए जब उन्होंने जेब से जलता हुआ फोन बाहर निकालने की कोशिश की, तो उनके हाथ की उंगलियां भी बुरी तरह जल गईं।
मोबाइल यूजर्स सावधान!
जोधपुर की कृषि मंडी में तेज गर्मी के कारण एक व्यापारी की जेब में रखा मोबाइल फट गया, जिससे उसके पैर में चोट लग गई।
गर्मियों में यदि आपका मोबाइल ज्यादा गर्म होता है या बैटरी में समस्या है तो उसे तुरंत सर्विस सेंटर में दिखाएं।
मोबाइल को धूप में रखने और… pic.twitter.com/BBC765uj4N
— Jai Choudhary (@Viewonviral) June 9, 2026
साथी व्यापारियों ने पहुँचाया हॉस्पिटल, बर्न वार्ड में इलाज जारी
धमाके की आवाज और पीड़ित की चीख सुनकर दुकान में मौजूद अन्य व्यापारी तुरंत मदद के लिए दौड़े। उन्होंने गोपाल को संभालकर तुरंत मंडोर के सैटेलाइट हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत के कारण मंगलवार सुबह उन्हें महात्मा गांधी हॉस्पिटल के स्पेशल बर्न वार्ड में रेफर किया गया। फिलहाल हॉस्पिटल के प्लास्टिक सर्जन की देखरेख में उनका इलाज जारी है।
न फोन गर्म हुआ और न रातभर चार्जिंग पर था
इस हादसे ने स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वालों की चिंता इसलिए बढ़ा दी है क्योंकि पीड़ित के मुताबिक ब्लास्ट से पहले फोन में हीटिंग या खराबी का कोई संकेत नहीं मिला था। गोपाल ने यह वीवो (Vivo) कंपनी का मोबाइल करीब 2 साल पहले खरीदा था और हादसे के वक्त वह सिर्फ 87% चार्ज था। बिना किसी वॉर्निंग के अचानक जेब में हुए इस ब्लास्ट से पूरी मंडी के व्यापारी सहमे हुए हैं।