उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से दिल दहला देने वाली लेकिन दो बेटियों की बहादुरी की बड़ी खबर सामने आई है। यहाँ उत्तर प्रदेश सिपाही भर्ती परीक्षा देने जा रही दो महिला अभ्यर्थियों…
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से दिल दहला देने वाली लेकिन दो बेटियों की बहादुरी की बड़ी खबर सामने आई है। यहाँ उत्तर प्रदेश सिपाही भर्ती परीक्षा देने जा रही दो महिला अभ्यर्थियों से एक ऑटो ड्राइवर ने सूने रास्ते पर ले जाकर रेप की कोशिश की। दोनों युवतियों ने हार मानने के बजाय आरोपी का डटकर मुकाबला किया। एक अभ्यर्थी ने आरोपी को जोरदार धक्का दिया, तो दूसरी ने दांतों से उसकी उंगली चबा डाली और शोर मचा दिया। बच्चियों का हौसला देख और एक राहगीर को आता देख आरोपी मौके से भाग खड़ा हुआ।
झांसा देकर सुनसान रामलीला मैदान ले गया था आरोपी
जानकारी के अनुसार, लखीमपुर खीरी की रहने वाली दो सहेलियां सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे मड़ियांव से चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंची थीं। वहां से उन्हें रायबरेली में परीक्षा देने के लिए आलमबाग बस स्टेशन जाना था, जिसके लिए उन्होंने एक ऑटो लिया। रास्ते में चालक ने आगे का मार्ग बंद होने का झांसा दिया और ऑटो को पारा थाना क्षेत्र के रामलीला मैदान के पास सुनसान इलाके में ले गया। वहां उसने जबरदस्ती और मारपीट शुरू कर दी, लेकिन युवतियों की बहादुरी के कारण वह अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले दोनों को सही सलामत रायबरेली परीक्षा दिलाने भेजा और फिर लौटकर केस दर्ज किया।
मुठभेड़ के बाद दबोचा गया, पुराना बलात्कारी है हसीब
डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान हरदोई निवासी हसीब के रूप में हुई। सोमवार देर रात पुलिस ने मुन्नू खेड़ा पुलिया के पास उसकी घेराबंदी की, तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूछताछ में सामने आया कि हसीब एक आदतन अपराधी है, जो साल 2024 में भी हरदोई के संडीला इलाके में एक महिला को ऑटो में बंधक बनाकर रेप करने के जुर्म में जेल जा चुका है।