यहां एक युवक ने अपनी ही मां के लाखों रुपये के गहने चोरी कर लिए। आरोपी ने चोरी किए गए गहनों को बेचकर उस पैसे से अपनी गर्लफ्रेंड की बर्थडे पार्टी मनाई, उसे महंगे गिफ्ट भी दिए और नशे की लत पूरी की। मामले का खुलासा होने के बाद...
Mumbai: मुंबई के गोरेगांव पूर्व इलाके से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी ही मां के लाखों रुपये के गहने चोरी कर लिए। आरोपी ने चोरी किए गए गहनों को बेचकर उस पैसे से अपनी गर्लफ्रेंड की बर्थडे पार्टी मनाई, उसे महंगे गिफ्ट भी दिए और नशे की लत पूरी की। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक प्रियांशु गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, दिंडोशी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज होने के बाद जांच शुरू की गई। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने मां के गहने चुराकर उन्हें बेच दिया था। जांच में उसकी गर्लफ्रेंड की भूमिका भी सामने आई है, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी आरोपी बनाया है। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है।
पुलिस के अनुसार, अब तक पुलिस ने 33 ग्राम सोना और 22 ग्राम चांदी के गहने बरामद कर लिए हैं, जो चोरी हुए सामान का बड़ा हिस्सा माना जा रहा है। बाकी गहनों की तलाश जारी है। दिंडोशी पुलिस का कहना है कि मामले में कुछ और लोगों की संलिप्तता भी सामने आ सकती है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चोरी के गहने किन लोगों को बेचे गए थे।