तमिलनाडु के पेरम्बलूर में गुरुवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तिरुचि-चेन्नई नेशनल हाईवे पर थुरईमंगलम के पास एक कार आगे चल रही निजी बस के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक महिला भी शामिल है।...
तमिलनाडु के पेरम्बलूर में गुरुवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तिरुचि-चेन्नई नेशनल हाईवे पर थुरईमंगलम के पास एक कार आगे चल रही निजी बस के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक महिला भी शामिल है। तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
शादी से लौट रहा था परिवार और दोस्तों का समूह
पुलिस के मुताबिक कार में कुल सात लोग सवार थे। ये सभी रामनाथपुरम जिले से चेन्नई लौट रहे थे। वे एक शादी में शामिल होने के बाद वापस जा रहे थे। हादसे में कार सवार कार्ति, उनकी पत्नी सूर्या, प्राभाकरण और कालीश्वरन की मौत हुई है। घायल तीन लोगों को इलाज के लिए सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
वहीं जिस निजी बस से कार टकराई, उसमें 34 यात्री सवार थे और बस तूतीकोरिन से चेन्नई जा रही थी। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पेरम्बलूर पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को अस्पताल भेजने के साथ मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर बस चालक से भी पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे की वजह को लेकर जांच जारी है।