देश में सिर्फ दो राजनीतिक विचारधारा हैं। RSS की नफरत और बंटवारे की विचारधारा, जबकि कांग्रेस की मोहब्बत और एकता की विचारधारा है। कोई भी पार्टी इनके आगे नहीं खड़ी हो पाएगी, अंत में सिर्फ कांग्रेस ही इनके सामने खड़ी होगी और हराएगी। नरेंद्र मोदी चाहे कितने भी चुनाव चोरी कर लें, लेकिन अंत में उन्हें जनता के गुस्से का सामना करना पड़ेगा और वे टिक नहीं पाएंगे।
गुरुग्राम। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शुक्रवार को हरियाणा पहुंचे, जहां वो सद्भाव यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा, हमने कुछ साल पहले कन्याकुमारी से कश्मीर तक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की थी। हम इस यात्रा में 4 हजार किलोमीटर चले थे। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में लाखों लोग साथ आए और एक नारा दिया- ‘नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान’ खोलनी है। ये नारा हमारा नहीं था, यह लोगों से आया था। देश को इस नारे की पहले भी जरूरत थी और अब भी है।
उन्होंने कहा, देश में सिर्फ दो राजनीतिक विचारधारा हैं। RSS की नफरत और बंटवारे की विचारधारा, जबकि कांग्रेस की मोहब्बत और एकता की विचारधारा है। कोई भी पार्टी इनके आगे नहीं खड़ी हो पाएगी, अंत में सिर्फ कांग्रेस ही इनके सामने खड़ी होगी और हराएगी। नरेंद्र मोदी चाहे कितने भी चुनाव चोरी कर लें, लेकिन अंत में उन्हें जनता के गुस्से का सामना करना पड़ेगा और वे टिक नहीं पाएंगे।
राहुल गांधी ने आगे कहा, हरियाणा में कांग्रेस पार्टी ने ‘सद्भाव यात्रा’ की। हमारे नेताओं ने हरियाणा की नब्ज को समझा है। वे जनता के बीच गए और उनके मुद्दों को करीब से जाना है। मेरी सोच है कि कांग्रेस पार्टी के हर युवा नेता को हर प्रदेश में ऐसी यात्रा करनी चाहिए। यात्राओं से राजनीतिक समझ बढ़ती है, जनता से जुड़ाव होता है और बहुत कुछ सीखने को मिलता है।
साथ ही कहा, नरेंद्र मोदी ने चुनाव आयोग, ब्यूरोक्रेसी को कंट्रोल कर रखा है। ये सोचते हैं कि अब इनका ही राज रहेगा, इन्हें कोई रोक नहीं सकता। मगर… अब इनका टाइम आने वाला है। जनता समझ चुकी है कि नरेंद्र मोदी देश को बेचने का काम करते हैं। वे एयरपोर्ट, पोर्ट, पॉवर प्लांट के बाद अब निकोबार आईलैंड अडानी को बेच रहे हैं।
हरियाणा में बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा है, लेकिन बाकी देश का भी यही हाल है। युवाओं को डिग्री मिल जाती है, लेकिन रोजगार नहीं मिलता, देश की छोटी और मीडियम इंडस्ट्री (MSMEs) तबाह कर दी गईं। अडानी-अंबानी जैसे उद्योगपतियों को सबकुछ सौंपा जा रहा है। चीन से सस्ता माल लाकर देशभर में बेचा जा रहा है। युवाओं को सोशल मीडिया की लत लगाई जा रही है।
राहुल गांधी ने कहा, अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप कहते हैं कि मैं नरेंद्र मोदी का करियर तबाह कर सकता हूं। इसके दो कारण हैं—Epstein फाइल और अडानी पर केस…Epstein फाइल में नरेंद्र मोदी का पूरा इतिहास है और अडानी BJP का फाइनेंशियल सिस्टम है। यही कारण है कि नरेंद्र मोदी Compromised हैं।
कुछ दिन पहले नरेंद्र मोदी ने अमेरिका से ट्रेड डील की। इस डील में अमेरिका को सबकुछ मिल गया और भारत को कुछ नहीं मिला। अमेरिका के दबाव में आकर नरेंद्र मोदी ने ये डील कर डाली, जबकि हिंदुस्तान का कोई भी प्रधानमंत्री ऐसी डील नहीं कर सकता था। मोदी ने भारत के एग्रीकल्चर सेक्टर को अमेरिका के लिए खोल दिया। मोदी ने ट्रंप से वादा किया कि वे हर साल 9.5 लाख करोड़ का माल अमेरिका से खरीदेंगे। मोदी ने कहा कि अमेरिका की अनुमति के बिना भारत किसी देश से तेल नहीं खरीदेगा। इतना ही नहीं, भारत का सारा का सारा डेटा अमेरिका को सौंप दिया।