कनाडा के नियाग्रा इलाके में गुजरात की 22 वर्षीय छात्रा विधि मेघा की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी गई। विधि पिछले चार साल से कनाडा में लॉ की पढ़ाई कर रही थीं और जल्द पीआर लेने की तैयारी में थीं। पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि हत्या की वजह की जांच जारी है...
नई दिल्ली। कनाडा में भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजा मामला गुजरात की 22 वर्षीय छात्रा विधि मेघा का है, जिनकी कनाडा के नियाग्रा इलाके में दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी गई। विधि पिछले चार साल से वहां रहकर लॉ की पढ़ाई कर रही थीं और जल्द ही पीआर (स्थायी निवास) लेने की तैयारी में थीं। यह दर्दनाक घटना 15 मई की बताई जा रही है, जब विधि अपने घर से बाहर निकली थीं। इसी दौरान एक अज्ञात हमलावर ने उन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। शुरुआती जांच में मामला लूटपाट का लग रहा है। हमले के बाद स्थानीय लोग विधि को तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन गंभीर चोटों के कारण डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विदेश मंत्रालय से मिली जानकारी
गुजरात के आणंद जिले के बोरसद में रहने वाले विधि के परिवार का 16 मई से उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा था। दोस्तों से भी कोई सुराग न मिलने पर परेशान परिवार को तब बड़ा झटका लगा, जब विदेश मंत्रालय के इनपुट के बाद स्थानीय पुलिस ने घर पहुंचकर विधि की मौत की खबर दी।
कनाडा पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए एक संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, हत्या की असली वजह और इरादा अभी तक पूरी तरह साफ नहीं हो सका है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
इस घटना के बाद से बोरसद और आसपास के पूरे इलाके में शोक की लहर है। बेहतर भविष्य का सपना लेकर विदेश गई बेटी की इस तरह मौत से हर कोई स्तब्ध है। हाल के दिनों में विदेशों में भारतीयों पर बढ़ते हमलों ने प्रवासी छात्रों और उनके परिवारों की चिंता को काफी बढ़ा दिया है। अब सभी की नजरें कनाडाई पुलिस की आगे की जांच और इंसाफ पर टिकी हैं।