केन्या के नकुरु काउंटी के गिलगिल इलाके में स्थित उतुमिशी गर्ल्स अकादमी के छात्रावास में देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 16 छात्राओं की मौत हो चुकी है, जबकि 79 छात्राएं घायल बताई जा रही हैं...
नई दिल्ली। केन्या के नकुरु काउंटी के गिलगिल इलाके में स्थित उतुमिशी गर्ल्स अकादमी के छात्रावास में देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 16 छात्राओं की मौत हो चुकी है, जबकि 79 छात्राएं घायल बताई जा रही हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, आग स्कूल के बोर्डिंग हॉस्टल में लगी, जहां उस समय बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद थीं। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर छात्राओं को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया।
केन्या के शिक्षा मंत्री जूलियस ओगाम्बा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि स्कूल में 800 से अधिक छात्राएं पढ़ती हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रशासन हर पहलू से जांच कर रहा है।
केन्या रेड क्रॉस के अनुसार, सूचना मिलते ही एम्बुलेंस और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। आग पर काबू पाने के साथ-साथ राहत कार्य भी तेजी से चलाया गया। केन्या में बोर्डिंग स्कूलों में आग लगने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। कई मामलों में शॉर्ट-सर्किट, लापरवाही या आगजनी जैसी वजहें सामने आई हैं। फिलहाल प्रशासन इस हादसे की जांच में जुटा है।