1. हिन्दी समाचार
  2. क्षेत्रीय
  3. मध्य प्रदेश: सागर शराब कांड में अब तक 22 मौतें, 112 मरीज अस्पताल में भर्ती

मध्य प्रदेश: सागर शराब कांड में अब तक 22 मौतें, 112 मरीज अस्पताल में भर्ती

मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब से मौतों का आंकड़ा 22 पहुंच गया है। बंडा क्षेत्र के कई गांवों में एक साथ हुई मौतों के बाद हालात बिगड़ गए। कहीं घरों में चूल्हे नहीं जले तो कहीं एक ही परिवार से कई अर्थियां उठीं। दूसरी ओर बंडा अस्पताल में मरीजों की संख्या इतनी बढ़ गई कि बेड कम पड़ गए...

By Harsh 
Updated Date

सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब से मौतों का आंकड़ा 22 पहुंच गया है। बंडा क्षेत्र के कई गांवों में एक साथ हुई मौतों के बाद हालात बिगड़ गए। कहीं घरों में चूल्हे नहीं जले तो कहीं एक ही परिवार से कई अर्थियां उठीं। दूसरी ओर बंडा अस्पताल में मरीजों की संख्या इतनी बढ़ गई कि बेड कम पड़ गए।

पढ़ें :- MP के सागर जिले में जहरीली शराब पीने से अब तक 9 लोगों की मौत, एक दर्जन से ज्यादा भर्ती, CM ने जांच के दिये आदेश

शनिवार से लोगों की तबीयत बिगड़ने का सिलसिला शुरू हुआ था। इसके बाद बड़ी संख्या में लोगों को अस्पताल लाया गया। रविवार को अकेले बंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 100 से ज्यादा मरीज भर्ती किए गए। गंभीर मरीजों को सागर के बीएमसी भेजा गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी सुबह ही प्रभावित इलाके में पहुंच गई। सीएमएचओ डॉ. देवेश पटैरिया के नेतृत्व में गांवों में शिविर लगाए गए और घर-घर जाकर बीमार लोगों की जानकारी जुटाई गई।

अस्पताल में जगह कम पड़ी, एक बेड पर दो मरीज

बंडा सीएचसी में सिर्फ 30 बेड हैं। मरीज बढ़ने के बाद कई जगह एक ही बेड पर दो लोगों को रखना पड़ा। बीएमसी से अतिरिक्त डॉक्टर बुलाने पड़े। हालात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अस्पताल की मर्चुरी में शव रखने की जगह तक कम पड़ गई। पोस्टमॉर्टम में भी देरी हुई। परिजनों के मुताबिक शनिवार शाम मौत होने के बाद भी कुछ शवों का पोस्टमॉर्टम अगले दिन दोपहर तक नहीं हो सका। मर्चुरी में सीमित व्यवस्था के कारण शवों को घंटों इंतजार करना पड़ा।

गांवों में पसरा सन्नाटा, एक साथ उठीं कई अर्थियां

पढ़ें :- 'हनुमान अंश' के गायक सुनील लोधी को सरकार देगी 1 लाख रुपये, CM मोहन यादव ने दिया बड़ा तोहफा

गूगरा खुर्द, बमूरा और नौराज समेत कई गांवों में मौतों के बाद मातम पसरा है। कुछ जगहों पर एक ही गांव से कई शव अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे। लोगों का कहना है कि अवैध शराब का कारोबार लंबे समय से चल रहा था, लेकिन दबंग शराब कारोबारियों के डर से खुलकर विरोध नहीं हो पाता था। स्थानीय लोगों के मुताबिक गांवों में शराब की सप्लाई के लिए अलग-अलग ठिकाने बनाए गए थे। गूगरा खुर्द में रोजाना बड़ी संख्या में शराब के पाउच बिकने का भी दावा किया जा रहा है। कीमत करीब 70 से 120 रुपये तक बताई गई है।

भाजपा नेता पर शराब सप्लाई का आरोप

जांच के दौरान भाजपा नेता और तितरवारा के सरपंच चंदू सिंह राजपूत का नाम भी सामने आया है। मृतकों के गांवों के कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि ठेकेदारों की गाड़ियां रात में गांव पहुंचती थीं और उनके जरिए शराब की सप्लाई की जाती थी। इन आरोपों की जांच की जा रही है। जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद रविवार शाम प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल सागर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य दीपाली रस्तोगी भी देर शाम सागर पहुंचीं।

घर का इकलौता कमाने वाला भी चला गया

इस हादसे में पाटन निवासी रोशन सिंह लोधी की भी मौत हुई। वह परिवार में अकेले कमाने वाले थे और मजदूरी करके पत्नी, दो बच्चों और नानी की जिम्मेदारी संभालते थे। उनके एक बच्चे के दिव्यांग होने की जानकारी सामने आई है। परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।

पढ़ें :- Viral-गर्लफ्रेंड ने कार पर 3.5 घंटे में किए 3400 Kiss, पुलिस ने ब्यॉफ्रेंड रोककर 5,500 रुपये का काटा चालान और दी ये सजा

छापरी निवासी श्याम बाई की भी मौत हुई है। उनके बेटे विठ्ठल अहिरवार के मुताबिक शराब पीने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और सीने में दर्द की शिकायत हुई। इलाज के दौरान बीएमसी में उनकी मौत हो गई।

छापरी के ही 40 वर्षीय कैलाश अहिरवार की भी जान चली गई। बताया गया कि उन्होंने शनिवार को शराब पी थी। वहीं पपेट निवासी 33 वर्षीय कृष्ण कुमार लोधी की हालत बिगड़ने के बाद उन्हें बीएमसी लाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

गूगरा खुर्द में 35 वर्षीय भगवान सिंह लोधी की भी मौत हुई। इससे एक दिन पहले उनके बड़े भाई उजियार सिंह की जान जा चुकी थी। परिवार में लगातार हुई मौतों से गांव में शोक का माहौल है।

एक ​मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अभी भी 112 लोग शराब पीने की वहज से अस्पताल में एडमिट है। जिसमें 89 लोग सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में, 16 लोग जिला अस्पताल,सागर में तो वहीं 7 लोग बंडा सिविल अस्पताल में भर्ती है।

प्रशासन अब शराब की सप्लाई, मौतों की वजह और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटा है। हादसे के बाद प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग की निगरानी बढ़ा दी गई है।

पढ़ें :- Video- टैंकर पलटा तो बाल्टी-बर्तन लेकर दौड़ पड़े लोग, मुफ्त में तेल भरने की मची होड़, निकला तारपीन का तेल
इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...