उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से ऑनर किलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ रामपुर मनिहारान इलाके में मंगलवार को एक 24 वर्षीय युवक की उसके ही सगे साले ने गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी…
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से ऑनर किलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ रामपुर मनिहारान इलाके में मंगलवार को एक 24 वर्षीय युवक की उसके ही सगे साले ने गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक युवक अपनी पत्नी को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाकर कार से वापस लौट रहा था, तभी इस खूनी वारदात को अंजाम दिया गया। युवक ने महज चार महीने पहले प्रेम विवाह किया था, जिससे लड़की के परिजन बेहद नाराज चल रहे थे।
परीक्षा केंद्र के बाहर रोका रास्ता, फिर सटा दी पिस्टल
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, शामली के खेड़ी बैरागी गांव का रहने वाला शिव कुमार अपनी पत्नी को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने सहारनपुर आया था। पेपर खत्म होने के बाद जैसे ही दोनों कार से घर के लिए रवाना हुए, तभी रास्ते में लड़की का भाई (शिव कुमार का साला) वहां धमक गया। उसने कार रुकवाकर अपनी बहन से जबरन साथ चलने को कहा, लेकिन बहन ने साफ इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने आव देखा न ताव, कमर से तमंचा निकाला और शिव कुमार की कनपटी से सटाकर गोली दाग दी। गोली लगते ही शिव कुमार लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और आरोपी मौके से फरार हो गया। आस-पास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
3 मार्च को मिला था सरकारी नौकरी का जॉइनिंग लेटर
इस खौफनाक वारदात के बाद मृतक की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक शिव कुमार पढ़ाई में बेहद होनहार था; उसने एमएससी और एलएलबी की डिग्री ली थी। इतना ही नहीं, बीते 3 मार्च को ही उसे एसएसएफ (Special Security Force) में नौकरी का नियुक्ति पत्र भी मिला था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। जॉइनिंग से पहले ही उसकी जिंदगी का सफर खत्म कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार आरोपी की तलाश के लिए टीमें रवाना कर दी हैं।