1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सिद्धार्थनगर टंकी हादसे पर अखिलेश का हमला, बोले- भ्रष्टाचार का बोझ नहीं झेल पाई टंकी

सिद्धार्थनगर टंकी हादसे पर अखिलेश का हमला, बोले- भ्रष्टाचार का बोझ नहीं झेल पाई टंकी

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में पानी की टंकी पर हुआ दर्दनाक हादसा अब सियासी मुद्दा बन गया है। रील बनाने के दौरान टंकी पर चढ़े पांच युवकों में से एक की मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है। करीब 16 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सेना की मदद से दो युवकों को सुरक्षित नीचे उतारा गया। इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है...

By हर्ष गौतम 
Updated Date

Lucknow: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में पानी की टंकी पर हुआ दर्दनाक हादसा अब सियासी मुद्दा बन गया है। रील बनाने के दौरान टंकी पर चढ़े पांच युवकों में से एक की मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है। करीब 16 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सेना की मदद से दो युवकों को सुरक्षित नीचे उतारा गया। इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह हादसा सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार की कहानी भी बयां करता है।

पढ़ें :- Video- सिद्धार्थनगर: REELS बनाने पानी की टंकी पर चढ़े बच्चे, 16 घंटे तक फंसे रहे, एयरफोर्स ने MI-17 हेलिकॉप्टर से बचाई जान

रील बनाने के दौरान हुआ बड़ा हादसा

जानकारी के मुताबिक, पांच युवक रील बनाने के लिए पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गए थे। इसी दौरान टंकी की सीढ़ी और छज्जा अचानक टूट गया, जिससे सभी नीचे गिर गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। दो अन्य युवक टंकी पर फंस गए थे, जिन्हें नीचे उतारने के लिए लंबा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। सेना और एयरफोर्स की मदद से दोनों को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान पूरे इलाके में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल रहा।

अखिलेश बोले— भ्रष्टाचार का भार नहीं सह सकी टंकी

लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने इस हादसे को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शायद पानी की टंकी भ्रष्टाचार का बोझ नहीं झेल पाई, इसलिए सीढ़ी और छज्जा टूट गया।
उन्होंने यह भी कहा कि इस टंकी की पाइपलाइन 5 कालिदास मार्ग तक जाती है, इसलिए सरकार को जवाब देना चाहिए कि निर्माण में कैसी लापरवाही हुई। साथ ही उन्होंने रेस्क्यू में जुटी सेना और जवानों को धन्यवाद भी दिया।

पढ़ें :- Reels बनाते समय डगमगा गई नाव, डूब गए 11वीं के चार छात्र, ट्यूशन के बहाने घर से निकले थे

चुनाव में डीजे की राजनीति का आरोप

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा प्रमुख ने चुनावी माहौल को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा विधायक प्रभु नारायण सिंह ने बैठक में आशंका जताई थी कि भाजपा इस बार चुनाव में डीजे के जरिए माहौल बिगाड़ने की तैयारी कर रही है। अखिलेश ने कहा कि अगर आपत्तिजनक गाने बजेंगे तो विवाद होना तय है। उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर ऐसा माहौल बनाया जा रहा है जिससे समाज में तनाव बढ़े। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि डीजे की तेज आवाज से मुर्गियों की मौत तक की खबरें आ चुकी हैं, ऐसे में समाज पर उसके असर को समझना मुश्किल नहीं है।

कानून-व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि यूपी में पुलिस खुद झगड़े कराने का काम कर रही है और कई घटनाओं में एक ही पक्ष के नाम सामने आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लोगों को न्याय नहीं मिल रहा और सरकार सिर्फ दिखावे की राजनीति कर रही है। वाराणसी की एक घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां एक व्यक्ति की जान चली गई, जिसकी जिम्मेदारी सरकार को लेनी चाहिए।

गोरखपुर मामले पर भी बोले

गोरखपुर की घटना पर सपा प्रमुख ने कहा कि राज्यसभा सांसद ने खुद कहा है कि वह सच्चाई सामने लाएंगे। इससे साफ है कि प्रदेश में हालात सामान्य नहीं हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस कर सके। सिद्धार्थनगर का हादसा और उसके बाद उठे सवाल अब सरकार के लिए बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...