मथुरा में जन्माष्टमी पर इस बार ठाकुर जी का शाही श्रृंगार देखने को मिलेगा। भगवान श्रीकृष्ण को जन्म के बाद 5 लाख रुपये की खास ‘पंचरत्नी पोशाक’ पहनाई जाएगी। ब्रज के कारीगरों ने करीब छह महीने की मेहनत से इसे तैयार किया है।
जन्माष्टमी विशेष: देशभर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इसी को देखते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जन्मस्थली में इस बार नन्दलाल के जन्मोत्सव को और भी भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है। श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर जन्म के बाद ठाकुर जी को करीब 5 लाख रुपये की खास पोशाक धारण कराई जाएगी। इस पोशाक को ब्रज के कारीगरों ने करीब छह महीने की मेहनत से तैयार किया है।
मथुरा में इस बार भगवान श्रीकृष्ण का 5253वां जन्मोत्सव मनाए जाने की तैयारी है यानि इस वर्ष भगवान श्रीकृष्ण 5253 साल के हो जायेंगे । जन्माष्टमी के मौके पर देशभर से श्रद्धालुओं के साथ विदेशी भक्तों के भी पहुंचने की उम्मीद है। वहीं आयोजन को यादगार बनाने के लिए अलग-अलग स्थानों से कलाकार भी मथुरा पहुंचेंगे।
जानकारी के मुताबिक, इस बार ठाकुर जी को ‘पंचरत्नी पोशाक’ धारण कराई जाएगी। इसकी अनुमानित लागत करीब 5 लाख रुपये है। पोशाक पूरी तरह हस्तनिर्मित है और इसे तैयार करने में लगभग छह महीने का समय लगा है। इस विशेष पोशाक में रत्न, जरी, रेशम और बारीक कढ़ाई-बुनाई का काम किया गया है। ब्रज के कारीगरों ने इसे बेहद सावधानी और पारंपरिक तरीके से तैयार किया है।
ठाकुर जी को पोशाक पहनाने से पहले इसकी शुद्धि भी वैदिक विधि से की जाएगी। जानकारी के मुताबिक गंगा, यमुना समेत अन्य पवित्र जल से मंत्रोच्चार के बीच पोशाक का शुद्धिकरण किया जाएगा। गौरतलब है कि ठाकुर जी की पोशाक प्रतिवर्ष विशिष्ट होती है और उसका हर बार नामकरण भी विशिष्ट होता है। पिछले वर्ष भगवान श्रीकृष्ण को करीब 1.50 लाख रुपये की पोशाक धारण कराई गई थी। इस बार भी इस पंचरत्नी पोशाक की कीमत और डिजाइन दोनों को खास बनाया गया है। जन्माष्टमी के दिन जब आधी रात भगवान का जन्म होगा, उसके बाद ठाकुर जी को इसी पंचरत्नी पोशाक से सजाया जाएगा।