1. हिन्दी समाचार
  2. अपराध
  3. बागपत में टेंट कारोबारी और इकलौते बेटे की हत्या, लोगों ने आरोपी को भी पीट-पीटकर मार डाला

बागपत में टेंट कारोबारी और इकलौते बेटे की हत्या, लोगों ने आरोपी को भी पीट-पीटकर मार डाला

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौत बाजार में मंगलवार शाम को दिनदहाड़े एक खौफनाक वारदात सामने आई। दो बाइकों पर सवार होकर आए बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग…

By Harsh 
Updated Date

बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौत बाजार में मंगलवार शाम को दिनदहाड़े एक खौफनाक वारदात सामने आई। दो बाइकों पर सवार होकर आए बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर टेंट कारोबारी सोहनलाल अग्रवाल (50) और उनके 30 वर्षीय इकलौते बेटे विकास की हत्या कर दी। हालांकि, इस दौरान बहादुरी दिखाते हुए विकास बदमाशों से भिड़ गया और उसने कुख्यात हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी को दबोच लिया। हड़बड़ाहट में बदमाशों की ही गोली वरुण को लग गई, जिसके बाद गुस्साए व्यापारियों और स्थानीय भीड़ ने हिस्ट्रीशीटर को पकड़कर जमकर पीटा और मौके पर ही उसे गोली मार दी। अस्पताल में डॉक्टरों ने बाप-बेटे और हिस्ट्रीशीटर वरुण तीनों को मृत घोषित कर दिया।

पढ़ें :- पुजारी ने प्रेम-प्रसंग के चलते दो दोस्तों को मारकर मंदिर प्रांगण में दफनाया, आरोपी फरार, दो शिष्य गिरफ्तार

यह वारदात बड़ौत बस अड्डे के पास स्थित सोहनलाल की टेंट की दुकान में शाम करीब 5:50 बजे हुई। अंधाधुंध फायरिंग के दौरान रोहित (35) नाम का एक राहगीर भी गोली लगने से घायल हो गया, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। मृतक विकास की शादी महज 6 महीने पहले दिसंबर 2025 में हुई थी और उसकी पत्नी नेहा दो महीने की गर्भवती है। इस दोहरे हत्याकांड के बाद हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया है और घर में सिर्फ सास-बहू बची हैं। विकास के चचेरे भाई वरुण अग्रवाल ने बताया कि वरुण लुहारी गैंग ने करीब 9 साल पहले भी उनके परिवार पर हमला किया था, लेकिन पुलिस ने सुरक्षा नहीं दी। परिजनों के मुताबिक इस वारदात के पीछे करीब 10 बदमाश शामिल थे।

इस दुस्साहसिक वारदात के विरोध में बड़ौत का पूरा बाजार बंद है। व्यापारियों ने दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर जाम लगाकर जोरदार प्रदर्शन किया। मृतक कारोबारी की पत्नी ऊषा और गर्भवती बहू नेहा भी सड़क पर बैठकर इंसाफ की मांग करने लगीं। व्यापारियों ने शहर में जुलूस निकाला और मानव श्रृंखला बनाकर आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की। उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री विक्की चौधरी ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीएम अस्मित लाल और एसपी सूरज राय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। डीएम ने रोती-बिलखती पीड़ित महिलाओं को गले लगाकर ढांढस बंधाया। एसपी सूरज राय ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस की 10 टीमें गठित की गई हैं और देर रात कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी के पिता बाबूराम को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी फरार आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पढ़ें :- Ram Temple Donation Scam : मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला की कार ज़ब्त, पुलिस ने सबूत और गहने किए बरामद
इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...