उत्तराखंड के मसूरी में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। उत्तरकाशी से दर्शन कर लौट रहे गाजियाबाद के श्रद्धालुओं की सिलेरियो कार अचानक अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी…
मसूरी: उत्तराखंड के मसूरी में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। उत्तरकाशी से दर्शन कर लौट रहे गाजियाबाद के श्रद्धालुओं की सिलेरियो कार अचानक अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस दिल दहला देने वाले हादसे में कार सवार दो महिलाओं और दो पुरुषों समेत कुल चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से ही इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
यह हादसा बुधवार सुबह करीब सवा नौ बजे झड़ी पानी मार्ग पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार सवार लोगों ने खाई के पास स्थित एक स्थानीय दुकान से कुछ सामान खरीदा था। इसके बाद जैसे ही चालक ने कार स्टार्ट की, गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और देखते ही देखते सीधे गहरी खाई में समा गई। मृतकों की पहचान गाजियाबाद के रहने वाले मानिक, सत्य प्रकाश, संगीता और सविता के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके परिजनों को इस हादसे की सूचना दे दी है।
घटना की जानकारी मिलते ही मसूरी थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ (SDRF) और 108 एंबुलेंस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। हालांकि, हादसा स्थल बेहद दुर्गम होने और वहां घनी झाड़ियां होने की वजह से रेस्क्यू टीम को शवों को बाहर निकालने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद टीम ने शवों को खाई से बाहर निकाला और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।