नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के पोते और पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को उम्र कैद की सजा हो गई है। शुक्रवार को ही कोर्ट ने उन्हे दोषी सिद्ध कर दिया था। उम्र कैद की सजा के साथ ही कोर्ट ने उन पर दस लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया है। साथ ही पीड़ित महिला को सात लाख रुपए मुआवजा देने का भी आदेश दिया है।
नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के पोते और पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को उम्र कैद की सजा हो गई है। शुक्रवार को ही कोर्ट ने उन्हे दोषी सिद्ध कर दिया था। उम्र कैद की सजा के साथ ही कोर्ट ने उन पर दस लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया है। साथ ही पीड़ित महिला को सात लाख रुपए मुआवजा देने का भी आदेश दिया है। बेंगलुरु की विशेष अदालत ने शनिवार (2 अगस्त 2025) को जेडीएस के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को उम्रकैद की सजा सुनाई है। कोर्ट ने उन्हें भारतीय दंड संहिता की धारा 376(2)(K) और 376(2)(N) के तहत सजा सुनाई है।
सांसदों और विधायकों की विशेष अदालत के जज संतोष गजानन भट ने शुक्रवार को 34 वर्षीय प्रज्वल को यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म के चार मामलों में से एक में दोषी करार दिया था। सुनवाई के दौरान प्रज्वल घबराया हुआ दिखाई दिया और जब जज ने उसे दोषी करार दिया तो वह फूट—फूट कर रो पड़ा था। उसने कोर्ट से कम सजा की गुहार भी लगाई थी। मामले की सुनवाई 18 जुलाई को पूरी हो गई थी और फैसला 30 जुलाई के लिए सुरक्षित रखा गया था। यह मामला हासन जिले के होलेनरसीपुरा में रेवन्ना परिवार के फार्महाउस में सहायिका के रूप में काम करने वाली 48 वर्षीय महिला से संबंधित है। साल 2021 में फार्म हाउस और बेंगलुरु में स्थित रेवन्ना के आवास पर महिला से दुष्कर्म किया गया। आरोपी ने इस कृत्य को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया था। इस मामले की जांच करने वाले विशेष जांच दल (एसआईटी) ने सितंबर 2024 में 113 गवाहों के बयानों के साथ 1,632 पन्नों का आरोपपत्र दाखिल किया था। अभियोजन पक्ष ने 26 गवाहों से पूछताछ की और 180 दस्तावेज पेश किए।
चार अलग अलग मामले है दर्ज
प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ चार अलग-अलग मामले दर्ज हैं। जिनकी जांच के लिए एक एसआईटी का गठन किया गया था। ये मामले तब सामने आए थे जब प्रज्वल से कथित तौर पर जुड़े अश्लील वीडियो हासन में 26 अप्रैल 2024 को होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले प्रसारित हुए थे। एसआईटी ने होलेनरसीपुरा टाउन पुलिस थाने में दर्ज एक मामले के सिलसिले में प्रज्वल को पिछले साल 31 मई को बेंगलुरु हवाई अड्डे पर उस समय गिरफ्तार किया था, जब वह जर्मनी से लौटे थे।
पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के पोते है प्रज्जवल रेवन्ना
पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के पोते प्रज्जल रेवन्ना को उम्र कैद की सजा होने के बाद राज्य में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। विपक्षी दलों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए जेडीएस से स्पष्ट रुख की मांग की है। वहीं, देवगौड़ा परिवार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। यह मामला न केवल कर्नाटक बल्कि पूरे देश में चर्चाओं में है और यह सवाल फिर से उठ खड़ा हुआ है कि क्या राजनीतिक परिवारों के सदस्यों को कानून के दायरे में लाने में न्याय व्यवस्था सक्षम और निष्पक्ष है। इस फैसले ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि पीड़िता में हिम्मत और न्यायपालिका में निष्पक्षता हो, तो किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति को सजा दी जा सकती है।