आईपीएल 2026 के बीच क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बड़ा फैसला लेते हुए अपने खिलाड़ियों को टूर्नामेंट पूरा करने की अनुमति दे दी है। इसका मतलब है कि कप्तान पैट कमिंस समेत ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी आईपीएल के प्लेऑफ और फाइनल तक अपनी-अपनी फ्रेंचाइजी के साथ बने रह सकते हैं। दरअसल, ऑस्ट्रेलिया को 30 मई से पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है...
IPL 2026: आईपीएल 2026 के बीच क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बड़ा फैसला लेते हुए अपने खिलाड़ियों को टूर्नामेंट पूरा करने की अनुमति दे दी है। इसका मतलब है कि कप्तान पैट कमिंस समेत ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी आईपीएल के प्लेऑफ और फाइनल तक अपनी-अपनी फ्रेंचाइजी के साथ बने रह सकते हैं।
दरअसल, ऑस्ट्रेलिया को 30 मई से पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है। टीम के खिलाड़ियों को 23 मई तक इस्लामाबाद पहुंचना था, लेकिन अब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने आईपीएल में हिस्सा ले रहे खिलाड़ियों को राहत देते हुए टूर्नामेंट पूरा करने की मंजूरी दे दी है। आईपीएल का लीग चरण 24 मई को खत्म होगा, जबकि फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा।
हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस और सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड के टीम के साथ बने रहने की पुष्टि भी हो गई है। सनराइजर्स हैदराबाद फिलहाल 14 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर है और प्लेऑफ में पहुंचने की मजबूत दावेदार मानी जा रही है। आईपीएल में इस समय कई ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी अलग-अलग टीमों का हिस्सा हैं। जोस हेजलवूड और टिम डेविड आरसीबी के लिए खेल रहे हैं। वहीं मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा हैं। इसके अलावा मिचेल स्टार्क दिल्ली कैपिटल्स और कैमरन ग्रीन कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेल रहे हैं।
हालांकि, जिन टीमों के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना कम है, उनके खिलाड़ी लीग चरण खत्म होने के बाद राष्ट्रीय टीम से जुड़ सकते हैं। दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स अगर नॉकआउट में जगह नहीं बना पाते हैं तो स्टार्क और ग्रीन जल्द ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ जुड़ सकते हैं। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स की प्लेऑफ उम्मीदें लगभग खत्म मानी जा रही हैं, ऐसे में मार्श और इंग्लिस भी पाकिस्तान दौरे से पहले टीम में शामिल हो सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया को पाकिस्तान दौरे के बाद जून में बांग्लादेश के खिलाफ भी सीमित ओवरों की सीरीज खेलनी है। टीम 9 जून से बांग्लादेश के खिलाफ तीन वनडे और तीन टी20 मुकाबले खेलेगी। ऐसे में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया खिलाड़ियों के वर्कलोड और आईपीएल शेड्यूल के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रहा है।