सड़क की बदहाली से परेशान स्कूली बच्चों का गुस्सा मंगलवार को सड़कों पर उतर आया। कुरारा ब्लॉक के चंदूपुर से जुड़े करीब आधा दर्जन डेरों के सैकड़ों छात्र-छात्राएं ग्रामीणों के साथ हाथों में तिरंगा लेकर कलेक्ट्रेट पहुंच गए। बच्चों ने डीएम कार्यालय में घुसने की कोशिश की..
हमीरपुर: सड़क की बदहाली से परेशान स्कूली बच्चों का गुस्सा मंगलवार को सड़कों पर उतर आया। कुरारा ब्लॉक के चंदूपुर से जुड़े करीब आधा दर्जन डेरों के सैकड़ों छात्र-छात्राएं ग्रामीणों के साथ हाथों में तिरंगा लेकर कलेक्ट्रेट पहुंच गए। बच्चों ने डीएम कार्यालय में घुसने की कोशिश की, लेकिन पुलिस और अधिकारियों ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद गेट पर ही धरना शुरू कर दिया।
करीब डेढ़ किलोमीटर की यह सड़क बारिश के बाद कीचड़ और दलदल में बदल गई है। बच्चों का स्कूल जाना तक मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि तीन जुलाई को भी इसी समस्या को लेकर प्रदर्शन किया गया था। तब सड़क पर मिट्टी डलवाकर रास्ता चलने लायक बना दिया गया लेकिन बारिश होते ही मिट्टी बह गई और हालात फिर पहले जैसे हो गए।
मंगलवार सुबह बच्चों और ग्रामीणों का हुजूम कलेक्ट्रेट की तरफ बढ़ा तो पुलिस-प्रशासन ने रास्ते में रोकने की कोशिश की लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। एसडीएम सदर अभिषेक कुमार और सीओ यशपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे मगर बच्चे कलेक्ट्रेट तक पहुंच गए।
चंदूपुर और आसपास के डेरों में करीब तीन हजार लोग रहते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक बारिश में इस रास्ते से निकलना मुसीबत बन जाता है। बीमारों को अस्पताल ले जाना हो या बच्चों को स्कूल पहुंचाना, हर काम के लिए कीचड़ और दलदल से जूझना पड़ता है। ऊपर से वैकल्पिक सिटी फॉरेस्ट वाला रास्ता भी वन विभाग ने बंद कर दिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें अस्थायी मिट्टी भराई नहीं, पक्की सड़क चाहिए ताकि हर बारिश में बच्चों और परिवारों को इसी परेशानी से न गुजरना पड़े।
Demanding road to school, Gen Alpha storms DM office
Students of a govt school in UP's Hamirpur stormed the premises of district magistrate office demanding a pitch road to school. pic.twitter.com/YjBxzrY3Yu
— Piyush Rai (@Benarasiyaa) August 11, 2026