जनसत्ता दल अध्यक्ष (President, Jansatta Dal) और कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया (Raghuraj Pratap Singh alias Raja Bhaiya) ने समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि UCC नहीं लागू होगी। जब उनसे पूछा गया कि वह इतने विश्वास के साथ यह बात कैसे कह रहे हैं? तो उन्होंने कहा कि हमने कह दिया तो कह दिया।
लखनऊ। जनसत्ता दल अध्यक्ष (President, Jansatta Dal) और कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया (Raghuraj Pratap Singh alias Raja Bhaiya) ने समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि UCC नहीं लागू होगी। जब उनसे पूछा गया कि वह इतने विश्वास के साथ यह बात कैसे कह रहे हैं? तो उन्होंने कहा कि हमने कह दिया तो कह दिया।
हिंदुओं को दी नसीहत
राजा भैया ने हिंदुओं की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि हिंदुओं को किसी राजनीतिक दल के दायरे में बंधकर नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब बात हिंदुत्व की आए तो हिंदुओं को यह सोचना चाहिए कि वे पहले हिंदू हैं, राजनीतिक दल आते-जाते रहेंगे। उन्होंने इस संदर्भ में इस्लाम का उदाहरण देते हुए कहा कि मुस्लिम अलग-अलग राजनीतिक दलों में होने के बावजूद इस्लाम को प्राथमिकता देते हैं। राजा भैया ने कहा कि ईश्वर, धर्म और सनातन के प्रति आस्था मजबूत और मुखर होनी चाहिए।
रामकथा रोकने की बात करना असंवैधानिक
प्रतापगढ़ के कुंडा में 17 से 20 नवंबर तक बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (Dhirendra Krishna Shastri) की रामकथा का आयोजन किया जा रहा है। राजा भैया ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य भगवान श्रीराम की महिमा जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने रामकथा को रोकने की बात करने वालों पर कहा कि ऐसा करना असंवैधानिक है। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 25 और 26 का हवाला देते हुए कहा कि लोगों को इन्हें पढ़ना चाहिए। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (Dhirendra Krishna Shastri) के भगवान कृष्ण को लेकर दिए गए बयान पर राजा भैया ने कहा कि उनका भाव भक्ति का था और भगवान राम तथा भगवान कृष्ण की लीलाओं में अंतर है।
‘अखिलेश यादव अयोध्या जाकर करें रामलला के दर्शन ‘
अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने की चर्चा पर राजा भैया ने कहा कि यह अच्छी बात है और सभी को दर्शन करने जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिसने अयोध्या में रामलला के दर्शन नहीं किए, वह बड़े सौभाग्य से वंचित है। वहीं, यूपी चुनाव में राजनीतिक गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि जनसत्ता दल (Jansatta Dal) के सिद्धांतों और मान्यताओं के साथ जो भी दल आना चाहेगा, उससे सम्मानपूर्वक बातचीत होगी। सपा के साथ गठबंधन की संभावना पर उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
रामकथा में आएंगे 500 पाकिस्तानी हिंदू
राजा भैया ने कहा कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जाति-पाति की विदाई और हिंदुओं की एकजुटता की बात करते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक रहोगे तो सेफ रहोगे’ और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘बटोगे तो कटोगे’ वाले बयान का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि रामकथा में करीब 500 पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी भी शामिल होंगे। राजा भैया के मुताबिक, ये लोग पाकिस्तान में हिंदुओं पर हुए अत्याचारों की अपनी कहानियां साझा करेंगे।
राजा भैया- रामकथा के बाद करेंगे चर्चा
बीजेपी नेताओं से मुलाकात और यूपी चुनाव की रणनीति पर राजा भैया ने कहा कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान रामकथा के आयोजन पर है। कथा संपन्न होने के बाद राजनीतिक मुद्दों पर अलग से चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि कुंडा और बाबागंज के परिवार को राजनीतिक फैसला लेना है और परिवार पहले से अपना मन बना चुका है।