त्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। बिसवां इलाके के शहरी सराय मोहल्ले में एक 12 साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके ही चचेरे भाई ने की। वारदात के बाद आरोपी ने शव को बेड के नीचे छिपा दिया और ऊपर दो बक्से रखकर घर में ताला लगाकर फरार हो गया...
सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। बिसवां इलाके के शहरी सराय मोहल्ले में एक 12 साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके ही चचेरे भाई ने की। वारदात के बाद आरोपी ने शव को बेड के नीचे छिपा दिया और ऊपर दो बक्से रखकर घर में ताला लगाकर फरार हो गया। घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक अल्तमश अपने परिवार के साथ शहरी सराय इलाके में रहता था और कक्षा चार का छात्र था। शुक्रवार शाम वह अचानक घर से गायब हो गया। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिवार वालों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। रात करीब 11 बजे परिवार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इसी दौरान शक परिवार के ही एक दूसरे घर पर गया, जो अल्तमश के चाचा मोहम्मद कमर का बताया जा रहा है।
घर में मिला खून से लथपथ शव
बताया जा रहा है कि मोहम्मद कमर और उनकी पत्नी बेंगलुरु में रहते हैं। घर में उनके बेटे मुदस्सिर और अब्दुल्ला रहते थे। घटना वाले दिन अब्दुल्ला अपने मामा के घर चला गया था, जबकि घर में सिर्फ मुदस्सिर मौजूद था। अल्तमश के गायब होने के बाद से मुदस्सिर भी लापता था और घर पर ताला लगा हुआ था। परिवार वालों को शक हुआ तो वे पड़ोसी की छत के रास्ते घर के अंदर पहुंचे। कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। बेड के सामने दो बड़े बक्से रखे थे। जब बक्से हटाकर बेड के नीचे देखा गया तो वहां अल्तमश का खून से सना शव पड़ा मिला। यह मंजर देखते ही परिवार वालों की चीख निकल गई।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मासूम की गला रेतकर हत्या की गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में डर और गुस्से का माहौल है।
चचेरे भाई पर हत्या का मुकदमा
मीडिया रिपोट्स के अनुसार सीओ बिसवां अमन सिंह ने बताया कि मृतक के पिता हमीद की तहरीर पर चचेरे भाई मुदस्सिर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की दो टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। परिवार वालों का कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की असली वजह साफ हो सकेगी।